विकसित भारत @2047: जयपुर में 'माय भारत बजट क्वेस्ट' का भव्य समापन
प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के युवाओं को बताया भविष्य का आर्किटेक्ट, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजेताओं से किया वर्चुअल संवाद।

राजस्थान की राजधानी जयपुर आज ‘अमृत पीढ़ी’ के अदम्य उत्साह और विकसित भारत के संकल्प की साक्षी बनी, जहाँ राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट - राजस्थान युवा संवाद’ के भव्य समापन समारोह ने भविष्य की नई इबारत लिखी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि राजस्थान के युवाओं का अटूट आत्मविश्वास और उनके नवाचारी विचार वर्ष 2047 तक विकसित भारत की मजबूत नींव रख रहे हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं को “भविष्य के आर्किटेक्ट” की संज्ञा देते हुए कहा कि MY भारत बजट क्वेस्ट 2026 युवाओं को उनके इनोवेटिव आइडिया, ज़मीनी अनुभव और बजट पर विचार साझा करने का एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है, जिसकी सफलता का प्रमाण देशभर से हुई युवाओं की भारी भागीदारी है।
नीति और विकास के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में लोगों और उनकी क्षमताओं को केंद्र में रखा गया है, जहाँ शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार पर निवेश विकसित भारत की दिशा निर्धारित करेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने विजेताओं से वर्चुअल संवाद करते हुए बताया कि MY भारत पोर्टल पर 17 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने बजट में ‘Ease of Doing Business’ के साथ बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और पूंजीगत व्यय को प्राथमिकता देने की बात कही ताकि भारत वैश्विक उद्यमिता केंद्र बन सके। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने बजट को मानव संसाधन विकास का केंद्र बताया, वहीं उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने महिला नेतृत्व में समावेशी विकास को सतत प्रगति का आधार माना। कैबिनेट मंत्री श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने युवाओं की नीति निर्माण में भागीदारी पर जोर दिया और कृषि मंत्री श्री किरोड़ी लाल मीणा ने रोजगार सृजन में कृषि की भूमिका रेखांकित करते हुए पॉलीहाउस, मल्चिंग और लो टनल जैसी आधुनिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
दिनभर चले सत्रों में चार प्रमुख विषयों पर गहन विमर्श हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। ‘वैश्विक उद्यमिता केंद्र’ सत्र में सुश्री रीतिका पांडे, श्री गौरव चौधरी, श्री अनुराग जैन, श्री अभिनव बांठिया, श्री विवेक लोढ़ा, श्री विशाल बैद और श्री लोकेंद्र सिंह राणावत ने स्टार्टअप रणनीति साझा की। ‘मानव पूंजी’ विषय पर प्रो. निमित रंजन चौधरी, श्री शशिकांत सिंघी, श्री संकल्प गुप्ता, सुश्री माला खेतान और श्री अपूर्व कुमार ने शिक्षा और कौशल पर विचार रखे। ‘विकसित कृषि’ सत्र में श्री एस.एस. शेखावत, श्री अजय कुमार पचौरी, श्री हीरेन्द्र कुमार शर्मा सहित प्रगतिशील किसानों—श्री राजेन्द्र सिंह खींचड़, श्री केसर सिंह, श्री मोहन लाल मीणा, श्री सुरेन्द्र अवाना, श्री श्यामसुन्दर शर्मा, श्री श्रवण कुमार शर्मा, सुश्री अनु कानावत और श्री मनोज मोरारका ने आधुनिक खेती पर चर्चा की। ‘नारी शक्ति’ सत्र में डॉ. मुक्ता अरोड़ा, सुश्री श्रद्धा अग्रवाल, डॉ. पल्लवी मिश्रा के साथ ही अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संदीप वर्मा, सुश्री प्रीति सिंह, सुश्री मंजरी पंत, सुश्री तृषा पारीक और सुश्री ललिता कुच्छल ने महिला नेतृत्व पर महत्वपूर्ण संवाद किया। 1 फरवरी 2026 को शुरू हुए इस अभियान में राजस्थान से कुल 75,591 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 984 (423 महिला, 561 पुरुष) का चयन हुआ और प्रत्येक जिले से 100 युवा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। यह भव्य आयोजन सामूहिक राष्ट्रगान और विकसित भारत @2047 के अटूट संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
