जयपुर में राज्य सरकार की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में दोनों योजनाओं की प्रगति और बैंक स्तर पर अटके आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र जयपुर (शहर) की ओर से योजनाओं की वर्तमान स्थिति तथा बैंकों में लंबित आवेदन पत्रों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला कलक्टर संदेश नायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र आवेदनों पर बिना देरी के निर्णय लेकर स्वीकृतियां जारी की जाएं, ताकि लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर-प्रथम राजीव द्विवेदी ने भी बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और समन्वित प्रयासों पर जोर दिया। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर बैंक स्तर पर लंबित सभी आवेदन पत्रों का निस्तारण कर लिया जाएगा तथा पात्र मामलों में स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण कर दी जाएगी।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की महाप्रबंधक डॉ. अनुकृति सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक गणेश कुमार सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story