मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना: ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालकों को मिला लाभ
माधोराजपुरा के मोहब्बतपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में पात्र पशुपालकों को निःशुल्क बीमा पॉलिसी देकर आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

तस्वीर में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी (बाएं से दाएं) एक महिला लाभार्थी को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का दस्तावेज सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। पंचायत समिति माधोराजपुरा के ग्राम मोहब्बतपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर पशुपालकों के लिए राहत और आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार साबित हुआ, जहां मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पात्र पशुपालकों को निःशुल्क लाभ प्रदान किया गया।
ग्राम मोहब्बतपुरा निवासी बुली देवी एवं अंजली देवी ने ग्रामीण सेवा शिविर में भाग लेकर पशुपालन विभाग के अधिकारियों से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें योजना की उपयोगिता से अवगत कराया, जिसके बाद दोनों पशुपालकों ने अपने पशुओं का 12 अंकों का पहचान टैग लगवाया तथा खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए आवश्यक टीकाकरण भी कराया।
इसके उपरांत जन आधार कार्ड के माध्यम से दोनों पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का निःशुल्क लाभ प्रदान किया गया। योजना के तहत उनके मूल्यवान पशुधन का बीमा किया गया, जिससे भविष्य में किसी भी आकस्मिक अथवा अप्रत्याशित नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
शिविर के दौरान बुली देवी को उनकी दो गायों की बीमा पॉलिसी भी प्रदान की गई। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पशुपालकों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार, पशुपालन विभाग तथा ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है और पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिल रहा है।
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का लाभ पात्र पशुपालकों तक पहुंचाकर राज्य सरकार ने पशुधन संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
