मिशन हरियालो राजस्थान: 3.61 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य तय, मंत्री दिलावर ने दिए निर्देश
राजस्थान सरकार के मिशन हरियालो राजस्थान 2.0 के तहत प्रति विद्यार्थी 20 और सरकारी कर्मचारियों को 40 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।

सचिवालय में पौधारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर एवं विभागीय अधिकारी।
जयपुर। राजस्थान को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0 : मिशन हरियालो राजस्थान’ को जन आंदोलन का रूप दे दिया है। गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज सभागार में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने इस महत्वाकांक्षी अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों और पिछले वर्षों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 में 3.61 करोड़ पौधे लगाने का साहसी लक्ष्य निर्धारित किया है।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री श्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि अभियान का वास्तविक उद्देश्य मात्र पौधे लगाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पौधा जीवित रहकर एक विशाल पेड़ बने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधारोपण के साथ ही उनकी नियमित मॉनिटरिंग, सुरक्षा और देखरेख की पुख्ता व्यवस्था की जाए। अभियान को व्यापक भागीदारी देने के लिए शिक्षा और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों को विशेष दायित्व सौंपे गए हैं, जिसके तहत प्रति विद्यार्थी प्रतिमाह 20 पौधे तथा प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी द्वारा 40 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। दोनों विभागों को इन लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सुस्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री श्री दिलावर ने मानसून की तैयारियों के मद्देनजर पौधारोपण हेतु उपयुक्त स्थानों का चिन्हीकरण, पौधों की सुलभ उपलब्धता और रखरखाव की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने गत वर्षों में लगाए गए पौधों की स्थिति पर चिंता जताते हुए निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पौधे नष्ट हो गए हैं, वहां तत्काल नए पौधे लगाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं लापरवाही या संरक्षण में गंभीर उदासीनता बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में इस अभियान की सफलता के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वर्ष 2024 में 100 लाख से अधिक और वर्ष 2025 में 288 लाख से अधिक पौधे लगाए गए थे। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शी सोच और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि हरित अभियान को प्रदेश में निरंतर गति मिल रही है। अंत में मंत्री श्री दिलावर ने इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन आंदोलन बताते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया ताकि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित राजस्थान सौंपा जा सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश यादव, पंचायती राज विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगाराम, पंचायती राज के अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव श्री बृजेश कुमार चंदोलिया, पौधारोपण नोडल अधिकारी श्री मुकेश माहेश्वरी के साथ ही ग्रामीण विकास एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

