राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की ओर से 12 और 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय माइक्रोबायोलॉजी उत्सव ‘माइक्रोकॉसम 2026’ का समापन वैज्ञानिक जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार के उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। बांदरसिंदरी स्थित विश्वविद्यालय में आयोजित इस उत्सव में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक ज्ञान, कलात्मक प्रतिभा और नवाचारी सोच का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को सामने लाने का अवसर मिला।

उत्सव के दूसरे दिन स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक पोस्टर सत्र आयोजित किया गया। इसके साथ ही कपड़ों पर चित्रकारी, फेस पेंटिंग, पीपीई फैशन रिले, सब्जियों की नक्काशी, ब्लाइंडफोल्ड पिपेटिंग डर्बी और प्रोटोटाइप प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘हमारे आसपास के सूक्ष्मजीव: खतरा या अवसर?’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सूक्ष्मजीवों की लाभकारी और हानिकारक भूमिकाओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (BIRAC) की ई-युवा (E-YUVA) योजना के अंतर्गत आयोजित प्रस्ताव लेखन प्रशिक्षण रहा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुसंधान के प्रति अभिरुचि विकसित करने के साथ नवाचार क्षमता और उद्यमशील सोच को बढ़ावा देना था।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि माइक्रोकॉसम जैसे आयोजन परिसर में वैज्ञानिक और रचनात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंच विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे बढ़कर सोचने, विचारों का आदान-प्रदान करने और वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान तलाशने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि अनुसंधान, रचनात्मकता और व्यावहारिक अनुभव पर आधारित गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने में सहायक हैं।

सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अखिल अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय को युवा विद्यार्थियों के बीच नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए एक केंद्र के रूप में चुना गया है।

माइक्रोकॉसम 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वैज्ञानिक पोस्टर प्रतियोगिता में सिद्धि तिवारी एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में नैना कुमारी प्रथम, अर्पिता दास द्वितीय तथा गौरांशी एवं कृतिका गौर तृतीय स्थान पर रहीं। कपड़ों पर चित्रकारी प्रतियोगिता में नैना कुमारी ने प्रथम, त्रिपर्णा प्रमाणिक ने द्वितीय और सौम्या मद्देशिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सब्जी नक्काशी प्रतियोगिता में नैना प्रथम, पलक नामा द्वितीय और त्रिपर्णा प्रमाणिक तृतीय स्थान पर रहीं। ब्लाइंडफोल्ड पिपेटिंग डर्बी में खुशी गुप्ता ने प्रथम, सिबी जी. एस. ने द्वितीय और अल्फी शाजू ने तृतीय स्थान हासिल किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में सत्येंद्र प्रथम और नैनी कुमारी द्वितीय स्थान पर रहे।

माइक्रोकॉसम 2026 ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक समझ, कलात्मक प्रतिभा और नवाचारी विचार प्रस्तुत करने का मंच प्रदान किया। वैज्ञानिक पोस्टर सत्र, रचनात्मक प्रतियोगिताओं, वाद-विवाद और प्रस्ताव लेखन प्रशिक्षण के माध्यम से आयोजित इस उत्सव ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, सहयोग और अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story