मेवाड़ के गौरव देव मेनारिया का बड़े पर्दे पर धमाका: 'बिहू अटैक' के समर्थन में ब्रह्म शक्ति ने बुक किया पूरा सिनेमाघर
मेवाड़ के उभरते अभिनेता देव मेनारिया की फिल्म 'बिहू अटैक' ने मचाई धूम! ब्रह्म शक्ति मेवाड़ ने पूरा टॉकीज बुक कर 200 से अधिक लोगों को निशुल्क दिखाई फिल्म। देशभक्ति और सनातन मूल्यों से ओतप्रोत इस फिल्म में देव के दमदार अभिनय की देवीलाल पालीवाल और योगेश पुरोहित सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने की जमकर तारीफ। मेवाड़ के गौरव की इस सफलता पर समाज में भारी उत्साह।

मेवाड़ की माटी के लाल और उभरते हुए फिल्म अभिनेता देव मेनारिया ने अपनी अदाकारी से न केवल दर्शकों का दिल जीता है, बल्कि समाज में एक नई ऊर्जा का संचार भी किया है। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'बिहू अटैक' को लेकर पूरे मेवाड़ में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में 'ब्रह्म शक्ति मेवाड़' ने अपने समाज के सितारे का हौसला बढ़ाने के लिए एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। संगठन द्वारा उदयपुर में पूरा सिनेमा हॉल बुक कर करीब 200 से अधिक लोगों को यह फिल्म सामूहिक रूप से दिखाई गई, जिसने एक उत्सव का रूप ले लिया।
पर्दे पर 'बिहू अटैक' के नायक के रूप में जब देव मेनारिया की एंट्री हुई, तो दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर था। उनकी दमदार डायलॉग डिलीवरी और प्रभावशाली अभिनय ने सिनेमाघर में मौजूद हर व्यक्ति को प्रभावित किया। फिल्म के प्रदर्शन के बाद ब्रह्म शक्ति के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रसिद्ध भामाशाह देवीलाल पालीवाल एवं योगेश पुरोहित ने देव के अभिनय की मुक्त कंठ से सराहना की। देवीलाल पालीवाल ने फिल्म की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा कि देव मेनारिया सिर्फ पर्दे के नायक नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन में भी एक प्रेरणा हैं। उन्होंने फिल्म को पूरी तरह देशभक्ति और सनातन मूल्यों पर आधारित बताया और इस बात पर खुशी जाहिर की कि फिल्म में कोई भी आपत्तिजनक दृश्य नहीं है, जिससे इसे सपरिवार देखा जा सकता है।
इस विशेष स्क्रीनिंग के दौरान युवा ब्रह्म शक्ति मेवाड़ (भारत) की पूरी टीम ने एकजुटता दिखाते हुए फिल्म का आनंद लिया। संगठन की ओर से यह शो पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था, जिसका उद्देश्य समाज के युवाओं में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और अपने स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम के समापन पर युवा ब्रह्म शक्ति मेवाड़ के योगेश पुरोहित, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पालीवाल, जितेंद्र आमेटा, गिरीराज पालीवाल, मंडल गिरीश पालीवाल, गौरव आचार्य, राहुल आचार्य, लव पालीवाल और भावेश पालीवाल ने देव मेनारिया और उनकी पूरी टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने सामूहिक स्वर में कहा कि 'बिहू अटैक' जैसी फिल्में राष्ट्र निर्माण और सामाजिक चेतना जागृत करने में मील का पत्थर साबित होंगी। यह आयोजन न केवल एक फिल्म की स्क्रीनिंग थी, बल्कि मेवाड़ की प्रतिभा और एकता का विजय घोष भी था।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
