जयपुर, 15 मार्च 2026। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए कथित अपमानजनक बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को जयपुर के कनोडिया कॉलेज के सामने गांधी सर्किल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और मणिशंकर अय्यर का पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।

दोपहर करीब 3:30 बजे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गांधी सर्किल पर एकत्रित हुए और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद”, “मणिशंकर अय्यर मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अपना विरोध प्रकट किया। विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अजीत माढण, एकता अग्रवाल, नारायण मीना, अपूर्वा सिंह, भाजपा कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता स्टेफी चौहान, निमिषा गौड, जीएन पारीक, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग पूरे देश का अपमान है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर ने देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है और इसे देशवासी कभी स्वीकार नहीं करेंगे। बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान वैश्विक स्तर पर लगातार बढ़ रहा है, जबकि मणिशंकर अय्यर जैसे नेता ओछी मानसिकता के साथ राजनीति कर रहे हैं, जो अत्यंत शर्मनाक है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग न केवल प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुँचाता है बल्कि यह देश के 140 करोड़ नागरिकों का भी अपमान है। कांग्रेस नेताओं की भाषा की मर्यादा समाप्त हो चुकी है और वे अपने पद की गरिमा तक भूल चुके हैं। बगड़ी ने कहा कि जिस पार्टी का नेतृत्व राहुल गांधी जैसे नेता कर रहे हों, वहां इस तरह की बयानबाजी कोई आश्चर्य की बात नहीं है। उन्होंने मांग की कि मणिशंकर अय्यर सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री और देशवासियों से माफी मांगें।

भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के जनादेश का प्रतीक हैं। सैनी ने मणिशंकर अय्यर से तुरंत माफी मांगने और कांग्रेस पार्टी से अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की बयानबाजी जारी रहती है तो भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।

सैनी ने कहा कि मणिशंकर अय्यर मार्क्सवादी लोगों के इशारों पर काम कर इस तरह के बयान जारी कर रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने कहा कि देश की जनता अब इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और प्रधानमंत्री और देश की गरिमा के खिलाफ किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story