जयपुर। मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करते हुए मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर और सीए एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर में एक विशेष हेल्थ टॉक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को एंजायटी और स्ट्रेस मैनेजमेंट के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशुल कुमार गुप्ता और मनोचिकित्सक डॉ. मुकेश दादरवाल ने उपस्थितजनों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में व्यक्ति लगातार अपने दैनिक कार्यों और जिम्मेदारियों के बीच व्यस्त रहता है। ऑफिस का दबाव, अनियमित दिनचर्या, खान-पान और नींद की कमी के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां तनाव और एंजायटी की सामान्य समस्याओं में बदल रही हैं।

डॉक्टर्स ने तनाव के प्रारंभिक लक्षणों, इसके शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों तथा स्ट्रेस को नियंत्रित करने के प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय पर मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल करने पर जोर दिया।

मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर के डायरेक्टर श्री रंजन ठाकुर ने कहा, “आज के समय में मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शारीरिक स्वास्थ्य। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सही जानकारी देना मणिपाल हॉस्पिटल की प्राथमिकता है, ताकि लोग समय रहते तनाव और एंजायटी जैसी समस्याओं से स्वयं को सुरक्षित रख सकें।”

कार्यक्रम ने न केवल मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीरता से ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और मानसिक कल्याण को प्राथमिकता देने के महत्व को भी उजागर किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story