जयपुर में मानक महोत्सव 2026: राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भारतीय मानकों को वैश्विक स्तर के अनुरूप बनाने पर दिया जोर
जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित मानक महोत्सव के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता पर जोर दिया।

जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित 'मानक महोत्सव' के दौरान मंच पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और BIS जयपुर के अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जयपुर में विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की जयपुर शाखा ने 14 अक्टूबर को कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारतीय उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत करने के लिए भारतीय मानकों को वैश्विक स्तर के मानकों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से मानकीकरण, उत्पाद प्रमाणन, हॉलमार्किंग और गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने उत्पादकों और विक्रेताओं से गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं एवं सेवाओं का उत्पादन और विक्रय करने का आह्वान किया। साथ ही गुणवत्ता को अपनी कार्यप्रणाली का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया, ताकि भारतीय उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता तथा प्रतिस्पर्धात्मकता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख श्री आदित्य दास ने गुणवत्ता और मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी हितधारकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मानकों के प्रति जागरूकता और उनके प्रभावी कार्यान्वयन में विभिन्न पक्षों की सहभागिता के महत्व पर बल दिया।
विश्व मानक दिवस प्रतिवर्ष 14 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मानकीकरण के महत्व और वैश्विक स्तर पर गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता तथा तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने में मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। इसी क्रम में आयोजित मानक महोत्सव का उद्देश्य भारतीय मानकों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, उत्पादों एवं सेवाओं में गुणवत्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करना और उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों तथा उपभोक्ताओं के बीच मानकीकरण के महत्व को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से गुणवत्ता, मानकीकरण और सतत विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इसमें श्री जनार्दन कुमार, संयुक्त मुख्य विस्फोटक नियंत्रक, पेट्रोलियम तथा विस्फोट सुरक्षा संगठन, जयपुर; श्री सतीश देपाल, उपमहानिदेशक, प्रसार भारती, जयपुर; श्री अमित कक्कड़, मुख्य अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (विद्युत), जयपुर; तथा श्री आदित्य दास, निदेशक एवं प्रमुख, भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा कार्यालय सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
मानक महोत्सव में उद्योगों, उद्योग संघों, सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 350 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता के प्रति जागरूकता और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उत्पादों एवं सेवाओं को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

