जयपुर, 07 जनवरी।

राजधानी जयपुर में स्टेट जीएसटी की प्रवर्तन शाखा ने हवाई कार्गो के माध्यम से की जा रही करोड़ों रुपये की कर चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए अवैध सोना-हीरा ज्वैलरी के बड़े जखीरे को जब्त किया है। इस कार्रवाई से न केवल अंतरराज्यीय नेटवर्क उजागर हुआ है, बल्कि जयपुर के कई नामी ज्वैलर्स में भी हड़कंप मच गया है।



मुख्य आयुक्त कर विभाग श्री कुमार पाल गौतम के स्पष्ट निर्देश पर स्टेट जीएसटी की प्रवर्तन शाखा–I ने 06 जनवरी को जयपुर एयरपोर्ट पर यह निर्णायक कार्रवाई की। विभाग को कोलकाता से जयपुर तक बिना वैध दस्तावेजों के बुलियन, नेचुरल डायमंड, सोना एवं हीरा ज्वैलरी के अवैध परिवहन और व्यापार की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन दल ने कई दिनों तक सतत निगरानी और रेकी करते हुए पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहन जांच की और सटीक रणनीति तैयार की।

रणनीति के तहत जैसे ही घरेलू हवाई अड्डे से कूरियर के माध्यम से सोना-हीरा ज्वैलरी से भरे पार्सल रवाना किए गए, प्रवर्तन दल ने तत्काल घेराबंदी कर बिना वैध दस्तावेजों के मंगवाए गए माल को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह खेप जीएसटी चोरी के उद्देश्य से भेजी जा रही थी। विभाग द्वारा जब्त की गई ज्वैलरी का बाजार भाव के अनुसार मूल्यांकन करवाया जा रहा है, जिसके आधार पर संबंधित पक्षों से कर एवं पेनल्टी की वसूली की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इन दिनों राज्य कर विभाग माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार की कर चोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जयपुर एयरपोर्ट पर की गई यह कार्रवाई न केवल कर चोरी के संगठित प्रयासों पर करारा प्रहार है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि हवाई मार्ग के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियां अब विभाग की कड़ी निगरानी से बाहर नहीं हैं।

Next Story