जयपुर में फिल्म ‘महिमा खाटू श्याम की’ का टीजर और पोस्टर लॉन्च हुआ
राम शंकर निर्देशित इस भक्ति फिल्म में कैलाश खेर और अनूप जलोटा ने अपनी आवाज दी है, जिसका उद्देश्य बाबा श्याम की महिमा और आस्था को बड़े पर्दे पर दिखाना है।

जयपुर में 15 नवंबर को आयोजित समारोह में निर्माता राम शंकर व अतिथियों ने फिल्म का पोस्टर लॉन्च किया।
जयपुर में रविवार को बाबा खाटू श्याम की भक्ति और महिमा पर आधारित फिल्म ‘महिमा खाटू श्याम की’ का टीजर और पोस्टर लॉन्च किया गया। राम शंकर फिल्म्स और योगी फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के जरिए बाबा श्याम की आध्यात्मिक शक्ति, भक्ति और लोक आस्था को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाएगा। टीजर लॉन्च के दौरान फिल्म की पहली झलक देखकर मौजूद श्याम भक्तों में उत्साह देखने को मिला।
15 नवंबर को वैशाली नगर स्थित खंडेलवाल वैश गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित समारोह में महाराज खाटू श्याम जी मंदिर के श्याम सिंह चौहान, सुनील महाराज सहित कई अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में जयपुर के श्याम भक्तों ने भी भाग लिया। समारोह के निवेदक मदन लाल खंडेलवाल, चेयरमैन, कॉन्टिनेंटल पेट्रोलियम्स लिमिटेड रहे।
फिल्म के निर्माता-निर्देशक राम शंकर और निर्माता डॉ. राजेश डेगन अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं सह-निर्माता एवं गायक जय कुमार दीवाना, पी एंड ए पार्टनर योगी फिल्म्स प्रोडक्शन के कमलनाथ योगी और अभिनेत्री मिस हिना ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। समारोह का संचालन एंकर बजरंग शर्मा ने किया।
फिल्म को खास बनाने में प्रसिद्ध गायकों कैलाश खेर और अनूप जलोटा का योगदान भी शामिल है। दोनों गायकों ने फिल्म के लिए अपनी आवाज दी है। इसके अलावा जय कुमार दीवाना ने सह-निर्माता के रूप में जिम्मेदारी निभाने के साथ संगीत और गायन में भी योगदान दिया है।
आध्यात्मिक भक्ति, लोक आस्था और बाबा श्याम की महिमा पर केंद्रित इस फिल्म के लेखक-निर्देशक राम शंकर हैं। फिल्म का निर्माण राम शंकर और डॉ. राजेश डेगन ने किया है। इसके मुख्य कलाकारों में अनिल धवन, अनूप जलोटा, भाविन भानुशाली, दिनेश मेहता, दीपिका उपाध्याय, शिल्प चुग, अपुरब डेगन, बेबी पाथोजा और अन्य कलाकार शामिल हैं।
फिल्म के माध्यम से निर्माताओं ने बाबा श्याम की भक्ति-शक्ति और उनके आध्यात्मिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। इसमें खाटू श्याम मंदिर के मनमोहक दृश्य और भक्तिमय प्रसंग दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे। जयपुर में टीजर और पोस्टर लॉन्च के बाद अब श्याम भक्तों को फिल्म के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने का इंतजार है।

