प्रदेश के राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में विभिन्न डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया 6 अगस्त से ऑफलाइन माध्यम से शुरू होगी। इच्छुक छात्राएं पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सीधे प्रवेश प्राप्त कर सकेंगी।

जयपुर, 2 अगस्त। गांधीनगर स्थित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शालिनी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर छात्राओं को डायरेक्ट एडमिशन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश लेने की इच्छुक छात्राओं को अपने मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित महाविद्यालय में उपस्थित होकर निर्धारित शुल्क जमा करवाना होगा।



उन्होंने बताया कि महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में छात्राओं को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभिन्न तीन वर्षीय डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में कमर्शियल आर्ट, ब्यूटी कल्चर, इंटीरियर डेकोरेशन, कॉस्ट्यूम डिजाइन, टेक्सटाइल डिजाइन, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग सहित अन्य तकनीकी एवं रचनात्मक पाठ्यक्रम शामिल हैं।

प्राचार्या ने बताया कि डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं उत्तीर्ण तथा डिग्री पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। रिक्त सीटों पर प्रवेश की यह प्रक्रिया छात्राओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद अनेक छात्राएं देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित कर रही हैं।

श्रीमती शालिनी गुप्ता ने प्रदेश की इच्छुक छात्राओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से संबंधित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाएं।

संपर्क सूत्र के रूप में डॉ. सुरेन्द्र सोनी, प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी, मोबाइल 9414406210 उपलब्ध रहेंगे। यह जानकारी श्रीमती शालिनी गुप्ता, प्रधानाचार्य, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, गांधीनगर, जयपुर की ओर से जारी की गई है।

Updated On

Next Story