राजकीय महाराजा बालिका विद्यालय जयपुर का 160वां स्थापना दिवस मनाया गया
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं और शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा पूर्व छात्राओं के पुनर्मिलन कार्यक्रम की घोषणा की गई।

जयपुर के राजकीय महाराजा बालिका विद्यालय के 160वें स्थापना दिवस पर मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते अतिथि और विद्यालय प्रशासन।
जयपुर स्थित राजकीय महाराजा बालिका विद्यालय में 6 मई 2026 बुधवार को 160वां स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं स्वच्छता संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान तथा सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं एवं श्रेष्ठ परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026-27 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं एवं उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अनुराधा शर्मा ने बताया कि विद्यालय में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर सामाजिक सरोकारों के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किए जाते रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बालिकाओं के उत्थान हेतु अखिल भारतीय नाटाणी परिवार समिति द्वारा निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता रहा है।
विद्यालय के 160वें स्थापना दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय नाटाणी परिवार समिति के राष्ट्रीय महामंत्री गोविन्द नाटाणी ने जानकारी दी कि उनकी माताजी स्व. श्रीमती रामजानकी नाटाणी की स्मृति में प्रत्येक वर्ष स्थापना दिवस पर 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पूर्व छात्राओं का पुनर्मिलन (रि-यूनियन) सितंबर एवं अक्टूबर माह में आयोजित करने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम का आयोजन 6 मई 2026 को प्रातः 11 बजे विद्यालय प्रांगण में किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय की स्थापना 6 मई 1866 में तीन छात्राओं द्वारा किए जाने का उल्लेख भी किया गया, जिससे यह जयपुर का पहला कन्या विद्यालय होने का गौरव रखता है।
कार्यक्रम में गणेश पूजन एवं सरस्वती पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह में पूर्व छात्राओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा भामाशाहों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय नाटाणी परिवार समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीनदयाल नाटाणी, महामंत्री गोविन्द नाटाणी, भूतपूर्व अध्यक्ष ताराचंद नाटाणी, भूतपूर्व महामंत्री विनोद नाटाणी, संयुक्त मंत्री नीरज नाटाणी, कपिल नाटाणी तथा विद्यालय विकास प्रबन्धन समिति के सदस्य लोकेश झालानी का सम्मान किया गया।
प्राचार्य श्रीमती अनुराधा शर्मा एवं समिति के अध्यक्ष दीनदयाल नाटाणी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। समापन अवसर पर समिति एवं विद्यालय प्रबन्धन समिति की ओर से लोकेश झालानी द्वारा अल्पाहार एवं मिठाई वितरण किया गया तथा 160 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। अंत में प्राचार्य ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
