जयपुर, 29 जून 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़ ने यमुना जल समझौते को राजस्थान के लिए उपलब्धियों भरा ऐतिहासिक दिन बताते हुए घोषणा की है कि मंगलवार को प्रातः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे पूर्व में यमुना जल समझौते को लेकर बार-बार टिप्पणी करते थे और दावा करते थे कि यदि समझौता हुआ तो वे स्वयं मुख्यमंत्री को माला पहनाएंगे। आज मैं उन्हें आमंत्रित करता हूँ कि वे आएं और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की इस शानदार उपलब्धि के लिए उनका स्वागत करें।

मदन राठौड़ ने कांग्रेस की कार्यसंस्कृति पर प्रहार करते हुए कहा कि अटकाना, लटकाना और भटकाना कांग्रेस की पहचान रही है, जबकि भाजपा जनाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय जब तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिल्ली जाते थे, तो उनका एकमात्र उद्देश्य अपनी कुर्सी बचाना होता था, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जब दिल्ली का दौरा करते हैं, तो वह राजस्थान की जनता की खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए होता है। पिछले ढाई वर्षों में मध्य प्रदेश के साथ राम सेतु समझौते से लेकर अब शेखावाटी के 75 लाख लोगों के लिए खुशहाली की राह प्रशस्त करने वाले यमुना समझौते तक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निरंतर प्रयास किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हरियाणा और राजस्थान के बीच हुआ यह समझौता 'अग्रणी आपणो राजस्थान' के स्वप्न और संकल्प को साकार करेगा। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी समस्या जल संकट रही है, चाहे वह पेयजल हो या सिंचाई, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने सदैव इसकी अनदेखी की क्योंकि उनके लिए जनहित कभी प्राथमिकता नहीं रहा। कांग्रेस पर दोहरे मापदंडों का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर राजस्थान में यमुना का पानी लाने के दावे किए जाते थे, तो दूसरी ओर हरियाणा में पानी न देने के वादे किए जाते थे। इसी दोहरी नीति के कारण कांग्रेस ने 32 वर्षों तक यमुना जल समझौते को मूर्त रूप नहीं लेने दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस ऐतिहासिक समझौते को दूरदर्शी नेतृत्व और जन सरोकार की नीति का परिणाम बताया। उन्होंने सूचित किया कि मंगलवार को जयपुर आगमन पर एयरपोर्ट के बाहर, कानोडिया कॉलेज, रामबाग, भाजपा प्रदेश कार्यालय तथा मुख्यमंत्री निवास पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जन प्रतिनिधि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य अभिनंदन करेंगे।

Next Story