पंचायत-निकाय चुनावों को लेकर भाजपा तैयार, मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायत-निकाय चुनाव, कांग्रेस विवाद और पेपर लीक मुद्दे पर कई बड़े बयान देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी।

तस्वीर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को लेकर भाजपा पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा चुनावों में शानदार सफलता प्राप्त करेगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि अब तक हुए उपचुनावों में भाजपा ने 80 प्रतिशत से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के विधानसभा क्षेत्र में हुए निकाय उपचुनाव में भी भाजपा को सफलता मिली थी। राठौड़ ने कहा कि पंचायत एवं निकाय चुनाव स्थानीय आवश्यकताओं और जनता की अपेक्षाओं पर आधारित होते हैं। भाजपा स्थानीय विकास को प्राथमिकता देते हुए आगामी कार्यकाल के लिए पंचायतों और निकायों का विकास रोडमैप जनता के सामने रखेगी।
कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डोटासरा और गहलोत का विवाद कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला है, लेकिन यह स्पष्ट है कि कांग्रेस में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं बड़े स्तर पर बढ़ गई हैं, जिन्हें रोक पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से पहले सचिन पायलट को नकारा और निकम्मा तक कहा गया, जिससे पार्टी में विखंडन की स्थिति बनी और यही महत्वाकांक्षा आज भी दिखाई दे रही है।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का परिणाम है कि कोई भी झुकने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि डोटासरा जिस नेतृत्व के कंधे पर बैठकर प्रदेश अध्यक्ष बने, अब उसी को धक्का देने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का उदाहरण है। राठौड़ ने कहा कि गहलोत भले ही सफाई देते रहें, लेकिन सच्चाई सभी जानते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपने संगठन और कार्यकर्ताओं पर ध्यान देती है, जबकि कांग्रेस के नेता भाजपा की बजाय अपने ही दल की राजनीति में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज केवल आलोचना के लिए आलोचना करता है और जनता के मुद्दों से उसका कोई सरोकार नहीं है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने ईआरसीपी, यमुना जल परियोजना, नर्मदा से अतिरिक्त पानी की मांग, बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता, औद्योगिक विकास, रिफाइनरी परियोजना, रोजगार सृजन, रोडवेज की आर्थिक स्थिति में सुधार, पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी है।
विपक्ष की आलोचना पर पलटवार करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि विपक्ष में होने के कारण वे आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष भाजपा के कार्यों की प्रशंसा कर दे तो उनकी राजनीतिक दुकान बंद हो जाएगी। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेताओं में इस बात की होड़ लगी हुई है कि कौन ज्यादा बयान देकर अपने आकाओं को खुश करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक संघर्ष इतना बढ़ गया है कि यदि जूली जी का राजनीतिक कद बढ़ रहा है तो यह डोटासरा जी को पसंद नहीं है। वहीं डोटासरा जी गहलोत का कद घटाने में लगे हुए हैं और सचिन पायलट इस इंतजार में हैं कि कब दोनों के बीच संघर्ष बढ़े और उन्हें आगे आने का अवसर मिले।
मदन राठौड़ ने कांग्रेस की स्थिति को "जलेबी रेस" बताते हुए कहा कि इस समय इस रेस में जूली जी आगे हैं।
पेपर लीक मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे रोकने के कई प्रयास किए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत ने यहां तक कहा था कि बच्चे गैंग बनाकर पेपरलीक करने के षडयंत्र में लग जाते हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा कहते हैं कि "पेपर मैं करवाता हूं क्या", जबकि दूसरी ओर ये दोनों ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र जनता के सामने आ चुका है और जनता जानती है कि गहलोत और डोटासरा क्या कहते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की बराबरी करना भी नहीं चाहती। भाजपा अपने बच्चों को गैरकानूनी तरीके से लाभ नहीं दिलाना चाहती।
उन्होंने कहा कि जब विधायक क्रीमी लेयर में आते हैं तो वे ओबीसी श्रेणी का लाभ कैसे ले सकते हैं। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि भाजपा कानून के शासन और पारदर्शिता में विश्वास रखती है तथा किसी भी व्यक्ति को गैरकानूनी तरीके से लाभ पहुंचाने की पक्षधर नहीं है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
