जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कार्यशैली और हालिया बयानों पर तीखा हमला बोला है। राठौड़ ने राहुल गांधी को गैर-गंभीर राजनीति करने वाला नेता करार देते हुए कहा कि वे बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर युवाओं और विद्यार्थियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि देश का युवा जागरूक है और वे राहुल गांधी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो स्वयं विवेकपूर्ण और जिम्मेदार आचरण का परिचय नहीं देता, वह दूसरों को विवेक का पाठ पढ़ाने की स्थिति में नहीं है।

नीट पेपर लीक मामले पर अपनी बात रखते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि इस घटना का संबंध केरल से है, बावजूद इसके राहुल गांधी राजस्थान में आकर राजनीतिक नौटंकी कर रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय राजस्थान में पेपर लीक की अनेक घटनाएं हुईं, तब राहुल गांधी की संवेदनाएं कहां थीं और उन्होंने युवाओं के समर्थन में आवाज क्यों नहीं उठाई? उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं के सपनों को चकनाचूर करने का आरोप लगाया और कहा कि इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने नीट परीक्षा में अनियमितता सामने आते ही तुरंत कड़ा निर्णय लिया और विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित किया।

राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए राठौड़ ने कहा कि जिन दलों के पास कोई स्पष्ट राष्ट्रीय एजेंडा नहीं है, उनसे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता स्वाभाविक रूप से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार का एकमात्र लक्ष्य राष्ट्र को मजबूत बनाना, महिलाओं को अधिकार दिलाना और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। राठौड़ ने विश्वास जताया कि जैसे-जैसे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, वे भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री के राष्ट्रवादी विजन के साथ मजबूती से जुड़ेंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story