भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव उत्सव हैं और भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। उन्होंने प्रदेश में वन स्टेट वन इलेक्शन की भावना के तहत हो रहे निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों से न केवल खर्च बढ़ता है, बल्कि प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित होता है, जिससे लोक कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर असर पड़ता है।

मदन राठौड़ मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधि प्रकोष्ठ द्वारा निकाय चुनाव के लिए प्रकाशित मार्गदर्शिका पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकार और प्रशासनिक मशीनरी चुनाव कार्यों में व्यस्त हो जाती है तथा आचार संहिता की आड़ में विकास कार्य रुक जाते हैं। इसका सीधा नुकसान आम जनता को होता है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक पर्व है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का पहरेदार है। पंचायत का चुनाव हो या पार्लियामेंट का, भाजपा कार्यकर्ता सजगता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता मालिक होता है, लेकिन मतदाताओं को सही तथ्यों से अवगत कराने और विपक्ष द्वारा दी जा रही गलत जानकारी से सनद करने की जिम्मेदारी भी भाजपा कार्यकर्ताओं की है।

मदन राठौड़ ने कहा कि युवा राजनीति में आगे आएं, उनकी भागीदारी बढ़े, वे प्रशिक्षित हों और जनप्रतिनिधि बनकर जनसेवा के मिशन में लगें, इसके लिए भाजपा अपने युवा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी देती है और अवसर भी देती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अपने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगे बढ़े और जनसेवा के लिए समर्पित हो, यह भाजपा की प्राथमिकता है।

उन्होंने निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं के उत्साह को सकारात्मक बताते हुए कहा कि युवाओं और महिलाओं में बड़ा उत्साह है। यह जमीनी स्तर पर डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों और संगठन की मजबूती से जनता में भाजपा के प्रति बनी सकारात्मक छवि को दर्शाता है।

विमोचन कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ सारस्वत, सहसंयोजक भवानी सिंह राजावत, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया संयोजक हिरेन्द्र कौशिक सहित अनेक प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

मदन राठौड़ के बयान से निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के बीच भाजपा की चुनावी रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और वन स्टेट वन इलेक्शन के मुद्दे पर पार्टी का रुख स्पष्ट हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story