जयपुर, 26 मार्च 2026। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश में महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, इनका प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक विस्तार विशेष रूप से राजस्थान जैसे राज्यों में और अधिक प्रभावी रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि "‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए ‘संबल’ और ‘सामर्थ्य’ जैसी उप-योजनाएं संचालित की जा रही हैं।" ‘संबल’ के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर (ओएससी), महिला हेल्पलाइन (181), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा नारी अदालत जैसी योजनाएं महिलाओं को सुरक्षा, त्वरित सहायता और न्याय उपलब्ध कराने में सहायक हैं। देशभर में 900 से अधिक वन स्टॉप सेंटर कार्यरत हैं, जिन्होंने लाखों महिलाओं को सहायता प्रदान की है। राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के सवाल के जवाब में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने सदन को यह जानकारी दी।

मिशन शक्ति के तहत राजस्थान में गत तीन वर्षों में 15 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में ‘मिशन शक्ति’ के तहत विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ प्राप्त हुआ है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 4,20,612 महिलाएं लाभान्वित हुईं, जो वर्ष 2023-24 में 2,03,066 रहीं, जबकि वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 9,35,626 तक पहुंच गई। इसी तरह गत तीन वर्षों में योजना-वार देखें तो वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से क्रमशः 5,870, 6,591 और 8,092 महिलाओं को सहायता मिली। महिला हेल्पलाइन के जरिए 8,079, 9,670 और 9,976 महिलाओं को मदद प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 2022-23 में 4,05,991, 2023-24 में 1,86,182 तथा 2024-25 में 9,16,684 महिलाओं को लाभ मिला। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि राजस्थान में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। राठौड़ ने कहा कि "केंद्र एवं राज्य सरकार महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू कर रही है।" इसके साथ ही जागरूकता अभियान, निगरानी तंत्र और संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है। भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

सामर्थ्य और स्वास्थ्य योजनाओं से सशक्त हो रही महिलाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि ‘सामर्थ्य’ उप-योजना के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई), शक्ति सदन, सखी निवास, पालना (क्रेच सुविधा) और संकल्प: महिला सशक्तिकरण केंद्र जैसी योजनाएं महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सशक्तिकरण को मजबूती प्रदान कर रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को मातृत्व लाभ प्रदान किया जा चुका है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई), जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके), प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, सुमन योजना तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस जैसे कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story