जयपुर, 11 नवंबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हिंदू त्योहारों को लेकर दिए गए बयान और सोनिया गांधी की पुस्तक में संजय गांधी से जुड़े उल्लेख पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। राठौड़ ने खरगे के बयानों को उनकी बढ़ती उम्र का असर बताते हुए कहा कि हर त्योहार का अपना अलग महत्व और प्रसंग होता है। किसी एक समाज को खुश करने के लिए त्योहारों की तुलना करना उचित नहीं है।

मदन राठौड़ ने कहा कि खरगे जी की हिंदू त्योहारों पर प्रतिक्रिया उनकी उम्र का संकेत दे रही है। कभी वे कुछ बोल जाते हैं तो कभी उनकी जुबान लड़खड़ा जाती है। उन्होंने कहा कि खरगे कभी देश के प्रधानमंत्री के पिता के बारे में टिप्पणी कर देते हैं तो कभी दिवाली की तुलना ईद से करने लगते हैं। प्रत्येक समाज और त्योहार का अपना अलग महत्व एवं प्रसंग होता है। यदि खरगे संबंधित प्रसंग तक ही अपनी बात सीमित रखते तो उचित होता, लेकिन किसी विशेष समाज को खुश करने के लिए इस तरह की बयानबाजी करना सही नहीं है।

राठौड़ ने खरगे के पारिवारिक संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि वे शायद भूल गए हैं कि उनके परिवार को किसने यातनाएं दीं और उनकी माता जी, भाई तथा बहन को किसने जलाकर मार दिया। इसके बावजूद इस स्तर की बयानबाजी की जा रही है। राठौड़ ने कहा कि खरगे के बयानों में उनकी बढ़ती उम्र का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

वहीं, सोनिया गांधी की पुस्तक में आपातकाल के संदर्भ में संजय गांधी को शामिल किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि जब तक संजय गांधी जीवित थे, तब तक इंदिरा गांधी हों, राजीव गांधी हों या सोनिया गांधी, सभी उनकी व्यवस्था के अनुसार चलते थे। उनके निधन के बाद उनकी आलोचना करना और उन्हें कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।

राठौड़ ने कहा कि आपातकाल इंदिरा गांधी परिवार का सामूहिक निर्णय था। लोकतंत्र के इतिहास में आपातकाल को काला अध्याय माना जाता है। इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र की हत्या की थी। उस दौरान प्रेस की आजादी छीन ली गई, युवाओं की जबरन नसबंदी कराई गई और भारत माता की जय बोलने वालों तक को जेल में बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन घटनाओं की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि इन सभी घटनाओं का दोष केवल एक व्यक्ति के माथे मढ़कर तत्कालीन प्रधानमंत्री कैसे बच सकती हैं। यदि यह कहा जा रहा है कि संजय गांधी परोक्ष रूप से सरकार चला रहे थे, तो यह और भी शर्मनाक है। इससे इंदिरा गांधी के नेतृत्व पर प्रश्नचिह्न लगता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं और यदि सरकार को रिमोट से कोई दूसरा चला रहा था, तो सोनिया गांधी ऐसा कैसे कह सकती हैं। संजय गांधी के नाम और प्रतिष्ठा के सहारे ही वे खड़े हैं। ऐसे में मरणोपरांत उनकी आलोचना करना उचित नहीं है।

मदन राठौड़ के इन बयानों के जरिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व को त्योहारों पर दिए गए बयानों और आपातकाल की जिम्मेदारी को लेकर घेरा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपातकाल के लिए केवल एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराकर तत्कालीन नेतृत्व की भूमिका से बचा नहीं जा सकता।

Next Story