भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर की कड़ी निंदा
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राहुल गांधी के बयानों को हताशा का परिणाम बताया और उनके सार्वजनिक व्यवहार पर आपत्ति जताई है।

जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए।
जयपुर, 20 मई 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्हें मनोचिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी है। राठौड़ ने कहा कि देश में कांग्रेस की घटती स्वीकार्यता से उपजी हताशा राहुल गांधी को घटिया शब्दावली का उपयोग करने पर मजबूर कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के लिए अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करना हताशा की पराकाष्ठा है जिसे कोई भी विवेकशील नागरिक स्वीकार नहीं करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस कृत्य को संस्कारों का अभाव बताते हुए आह्वान किया कि राहुल गांधी के इस व्यवहार के लिए उनका नागरिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो प्रधानमंत्री देश को समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं, उनके विरुद्ध अपमानजनक भाषा का प्रयोग कांग्रेस की पुरानी संस्कृति का हिस्सा है। राठौड़ ने याद दिलाया कि सोनिया गांधी और मणिशंकर अय्यर जैसे नेताओं ने भी अतीत में ऐसा ही आचरण किया है, जिसके कारण देश की जनता ने कांग्रेस को बंगाल और पुडुचेरी समेत अधिकांश राज्यों से बाहर कर हाशिए पर धकेल दिया है।
मदन राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व देश की जनता द्वारा पूरी तरह नकारा जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर एक बड़ी शक्ति के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने रेलवे, एयर कनेक्टिविटी, सड़क विकास, औद्योगिक प्रगति, युवा रोजगार, चिकित्सा सुविधाओं और किसानों की आय में वृद्धि के साथ ही चंद्रयान मिशन, सर्जिकल स्ट्राइक और "ऑपरेशन सिंदूर" जैसे साहसिक अभियानों के माध्यम से देश का मान बढ़ाया है। इसके विपरीत, विपक्ष द्वारा की जा रही निम्न स्तरीय राजनीति स्वीकार्य नहीं है और लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी इस रवैये को बर्दाश्त नहीं करेगा।
अंत में, राठौड़ ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता को लेकर फैलाया जा रहा अनावश्यक भय निराधार है क्योंकि देश में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित है। प्रधानमंत्री द्वारा दी गई मितव्ययता और संसाधनों के संतुलित उपयोग की सलाह को गलत संदर्भ में प्रस्तुत करना कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक विरोध स्वाभाविक है, किंतु मर्यादाहीन भाषा का प्रयोग अनुचित है। जनता ऐसी राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी और सभी राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मूल्यों की गरिमा बनाए रखने के लिए संयमित भाषा का उपयोग करना चाहिए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
