जयपुर, 28 सितंबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी चुनाव नहीं जीत पा रही है, इसलिए वह संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुट गई है। कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां अपनी पीठ थपथपाती है और जहां चुनाव हारती है, वहां हार का ठीकरा ईवीएम, एसआईआर और चुनाव आयोग पर फोड़ती है।

मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने कभी जनता के बीच जाकर काम नहीं किया और अब बिना सत्ता के छटपटा रही है। लगातार हो रही हार के चलते कांग्रेसी नेता कुंठित हो गए हैं और हताशा व निराशा में इस तरह के विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की निकाय चुनावों में हुई हार के बाद पार्टी का आपसी सिर-फुटव्वल बाहर आ रहा है। गहलोत-डोटासरा पर तो उनके जिलाध्यक्ष अपने ही विधायकों के खिलाफ गुस्सा उतार रहे हैं, जो अब सड़कों पर आ गया है। उन्होंने कहा कि अंदरूनी रूप से बिखर चुकी कांग्रेस पार्टी में अब कुछ बचा ही नहीं है। अपना अस्तित्व जिंदा रखने और सुर्खियों में बने रहने के लिए कांग्रेस नेता अनर्गल बयानबाजी और बिना कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन कर रहे हैं।

मदन राठौड़ ने कहा कि शहर में किए गए प्रदर्शन में कांग्रेस के नेता तो नजर आए, लेकिन कार्यकर्ताओं का अभाव ही दिखाई दिया। कांग्रेस के पास अब न तो कोई नीति है और न ही कोई मजबूत विजन। ऐसे में उसके नेता देश को भ्रमित कर अराजकता फैलाने के लिए नए-नए प्रपंच रच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके नेता कितना ही झूठ बोलें और जनता को भ्रमित करने का प्रयास करें, अब देश की जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। मदन राठौड़ ने कहा कि पहले भी राहुल गांधी ने विदेशों में जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं और देश की सेना के शौर्य को बदनाम करने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा देश की स्वायत्त और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और उन्हें कमजोर करना रह गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की प्रबुद्ध जनता विपक्ष के इस दोहरे चरित्र और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जो ताकतें देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं, उन्हें जनता ने पहले भी करारा सबक सिखाया है और आगे भी इनका हर भ्रम और षड्यंत्र जनता की अदालत में चूर-चूर होगा।

Next Story