जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अनुसूचित जाति वर्ग के सभी समाजों को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का पुरजोर आह्वान किया है। शनिवार को जयपुर में आयोजित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए राठौड़ ने संगठनात्मक सशक्तिकरण और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक, विशेषकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना है। राठौड़ ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को 'पंचतीर्थ' के माध्यम से वह सम्मान दिया है, जिसके वे वास्तविक हकदार थे और यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

बैठक के दौरान प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाते हुए कहा कि शून्य से सृजन करने वाला कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति का आधार होता है। इसी कड़ी में मोर्चा प्रभारी अजीत मांडण ने आपसी संवाद, समन्वय और अटूट सहयोग को संगठन की मजबूती का मूलमंत्र बताया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष निहालचंद मेघवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय कराते हुए सभी को संगठन की मजबूती के लिए संकल्पित किया। मेघवाल ने आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि मोर्चा का प्रत्येक सिपाही भाजपा की नीतियों और विचारधारा को घर-घर पहुँचाकर ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन मोर्चा महामंत्री मुकेश गर्ग द्वारा किया गया, जबकि महामंत्री ओमप्रकाश जेदिया ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story