मदन राठौड़ का दावा: राजस्थान में फिर बनेगी भाजपा सरकार, नीतियां ला रहीं बदलाव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यों की सराहना की और पश्चिम बंगाल में पार्टी की सफलता को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

भाजपा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि भाजपा सरकार की नीतियों पर जनता का पूरा विश्वास है और राजस्थान में एक बार फिर भाजपा की सरकार दोहराई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के कार्यों से जनता संतुष्ट है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। राठौड़ ने यह भी कहा कि भाजपा के सामने कांग्रेस कहीं भी टिक नहीं पाएगी और राजस्थान में भले ही सरकार बदलने की परंपरा रही हो, लेकिन अब जनता यह समझ चुकी है कि निरंतर विकास के लिए स्थिर सरकार आवश्यक है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता को लेकर कहा कि यह केवल भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राष्ट्रभक्त नागरिकों के लिए खुशी का विषय है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वहां ममता बनर्जी ने घुसपैठ और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया, जिसके कारण आम नागरिकों, विशेषकर हिंदू समाज को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ था, जहां हिंदुओं पर अत्याचार किए गए, भाजपा का झंडा लगाने वाले के घर जलाए गए, मारपीट की गई, झूठे मुकदमे दर्ज किए गए तथा महिलाओं पर अत्याचार आम बात रही। उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी ने एक बार यह कहा था कि “मैं सीमा खोल दूंगी”, जो उनके अनुसार अत्यधिक अराष्ट्रीय गतिविधि है।
मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चुनावी “स्ट्राइक रेट” को शत-प्रतिशत बताया और कहा कि जहां-जहां उन्होंने प्रचार किया, वहां भाजपा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मेहनत, निष्ठा और जनता से जुड़ाव का परिणाम बताया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं के प्रचार के बावजूद पार्टी को कई राज्यों में हार का सामना करना पड़ा है।
राठौड़ ने आगे कहा कि भाजपा की प्राथमिकता विकास, जनसेवा और जनता का विश्वास बनाए रखना है। इसके लिए पार्टी संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है, कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है तथा जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा अफवाहों से सावधान रहने का संदेश भी दिया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
