कांग्रेस अपने घर की कलह संभाले, निकाय चुनाव में होगी भाजपा की शानदार जीत: मदन राठौड़
निकाय चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, टिकट वितरण को लेकर मची खींचतान और बीकानेर में मारपीट पर क्या कहा, जानें पूरी खबर में।

तस्वीर में भगवा पटका पहने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में माइक के सामने बैठकर प्रेस को संबोधित कर रहे हैं।
जयपुर, 3 सितंबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद सामने आए घमासान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़कर पहले अपने घर में मचे बवाल का जवाब देना चाहिए। राठौड़ ने भाजपा में नाराजगी और डैमेज की चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा में कहीं कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि डैमेज हुआ ही नहीं तो कंट्रोल कैसा? पार्टी में योग्य लोगों की कोई कमी नहीं है। जो लोग रह गए हैं, जब वे यह समझते हैं कि नेशन फर्स्ट है, तो वे पार्टी के लिए तत्पर रहकर कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं, बल्कि विचार और संगठन आधारित पार्टी है। यहां पद से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र है। जिन लोगों ने टिकट की अपेक्षा की थी, वे भी पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और आने वाले समय में संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है। जयपुर में पार्षद का टिकट नहीं मिलने के बाद युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद कांग्रेस में चल रही खींचतान बाहर आ गई। इस पर राठौड़ ने कहा कि जो कांग्रेस ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देती थी, उसी कांग्रेस में अगर एक महिला कार्यकर्ता को अपने राजनीतिक अधिकार की टिकट के लिए यह बताना पड़े कि उसने विधायक के लिए व्यक्तिगत रूप से क्या किया, तो इससे ज्यादा शर्मनाक स्थिति और क्या हो सकती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिला सशक्तिकरण के नारों और जमीन पर अपने व्यवहार के बीच का अंतर जनता को समझाना चाहिए। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि टिकट कार्यकर्ता की योग्यता, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण से मिलता है या फिर व्यक्तिगत समीकरणों और एहसानों के हिसाब से।
राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जनता के विश्वास पर मोहर लगेगी। भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव मैदान में जनता के बीच है, जबकि कांग्रेस टिकटों के बंटवारे और आपसी खींचतान में उलझी रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंतर्कलह, टिकटों की खींचतान और कार्यकर्ताओं में असंतोष यह दिखाता है कि पार्टी जमीन पर अपना आधार खो चुकी है। बीकानेर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के टिकटों के वितरण को लेकर हुई मारपीट कार्यकर्ताओं के असंतोष को उजागर करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव के आने वाले परिणाम कांग्रेस के लिए चेतावनी है। प्रदेश की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप और अंतर्कलह नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व चाहती है। भाजपा इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है।
यह बयान प्रभारी, भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सामने आया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
