भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के इतिहास में सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत के स्वर्णिम काल के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और विश्व मंच पर एक सशक्त एवं आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।

मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन हजारों गांवों तक बिजली पहुंचाई गई, जहां आजादी के दशकों बाद भी विद्युतीकरण नहीं हो पाया था। देश की ब्रॉडगेज रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण हुआ और भारत ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना। उन्होंने कहा कि भारत ने तकनीकी विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए चंद्रयान मिशन के माध्यम से चंद्रमा पर तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त किया। रक्षा क्षेत्र में भी भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। पहले जहां हथियार विदेशों से खरीदे जाते थे, वहीं आज ब्रह्मोस और अग्नि जैसी मिसाइलों का स्वदेश में निर्माण हो रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने न्यायालय द्वारा एसआईआर को विधिसम्मत ठहराए जाने पर कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग के निर्णय पर मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि केवल भारत का नागरिक ही देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार रखता है और अवैध घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करना देशहित में नहीं है। कांग्रेस नेताओं के आरोपों को उन्होंने निराधार और राजनीतिक बयानबाजी बताया। राठौड़ ने कहा कि कोर्ट के फैसले के बाद विपक्ष पूर्णतया पराजित हो गया है तथा कांग्रेस नैतिक, राजनीतिक और संवैधानिक रूप से ध्वस्त हो चुकी है।

मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की प्रतिभाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को घर उपलब्ध कराए गए, हर घर जल योजना के तहत गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाया गया तथा सड़क अधोसंरचना को मजबूत किया गया। किसानों को समृद्ध बनाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई, किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गई और राष्ट्रीय कृषि बाजार जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिला। भूमि परीक्षण और आधुनिक कृषि सुविधाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र को भी सशक्त बनाया गया।

उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए पीएफ खातों को सुरक्षित और व्यवस्थित किया गया ताकि श्रमिकों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके। मुद्रा योजना के माध्यम से छोटे और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं और आमजन को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए गए। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भारत ने अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय देते हुए स्वदेशी वैक्सीन तैयार की और करोड़ों लोगों का जीवन बचाया। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति ने दुनिया में देश का सम्मान बढ़ाया है। आज विश्व के बड़े राष्ट्र भारत की बात गंभीरता से सुनते हैं। प्रधानमंत्री मोदी “वसुधैव कुटुंबकम” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ विश्व को शांति और सहयोग का संदेश दे रहे हैं।

राज्यसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करेगी। संगठन स्तर पर एजेंट नियुक्ति सहित अन्य तैयारियां भी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चला रही है। “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के तहत भाजपा कार्यकर्ता जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। अभियान के अंतर्गत बावड़ियों और तालाबों की सफाई, जल स्रोतों का संरक्षण, कचरा हटाने, जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने तथा वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं के निर्माण का कार्य किया जाएगा, ताकि पेयजल और सिंचाई के लिए पानी का समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story