मदन राठौड़ का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- भाजपा चुनाव को तैयार, डोटासरा चाहें तो आरएसएस में जाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनाव, आरएसएस, डोटासरा, आपातकाल और राहुल गांधी के मुद्दों पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। जानिए क्या कहा।

तस्वीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा न्यायपालिका का सर्वोच्च सम्मान करती है और न्यायालय के प्रत्येक आदेश की नियमानुसार पालना करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी कभी भी कोर्ट की अवमानना नहीं करेगी तथा निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होते ही भाजपा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर चुनाव से भागने के लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उनके अनुसार अब तक हुए उपचुनावों में भाजपा ने लगभग 85 प्रतिशत सीटों पर विजय प्राप्त की है, ऐसे में चुनाव से भागने का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन दोनों चुनावों के लिए पूर्ण रूप से सक्रिय और तैयार हैं।
निकाय चुनावों को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वार्डों का गठन अव्यवस्थित तरीके से किया था, जिसे वर्तमान सरकार ने व्यवस्थित किया है। उन्होंने बताया कि ओबीसी आरक्षण से जुड़े विषय पर आयोग की प्रक्रिया में कुछ तकनीकी अड़चनें आई हैं, जिनका शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि भाजपा न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करेगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि जो व्यक्ति जैसा होता है, वह दूसरों के बारे में भी वैसा ही सोचता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में स्थानांतरण सहित सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार के लेन-देन का प्रश्न ही नहीं है। उनके अनुसार जरूरतमंद लोगों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डोटासरा यह सोच रहे हैं कि उनकी सरकार में शिक्षकों के तबादलों में रुपयों का लेन-देन होता था तो भाजपा सरकार में भी ऐसा ही होता होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। भाजपा सरकार में सभी कार्य पारदर्शिता के साथ और लोगों की प्राथमिकताओं के अनुसार किए जाते हैं।
आपातकाल को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मदन राठौड़ ने कहा कि देश ने वास्तविक आपातकाल इंदिरा गांधी के शासनकाल में देखा था, जब नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन हुआ, लोगों को जेलों में बंद किया गया और जबरन नसबंदी जैसे कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार संविधान, कानून के शासन और नागरिकों के मौलिक अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मदन राठौड़ ने कहा कि आरएसएस एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रचरित्र से युक्त नागरिकों का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक संगठन है, जबकि आरएसएस समाज निर्माण और राष्ट्रभक्ति से युक्त व्यक्तियों के निर्माण का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के बारे में बिना जानकारी के टिप्पणी करना उचित नहीं है। राठौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी भी आरएसएस के कार्यक्रम में गए थे और वहां सामाजिक समरसता के वातावरण की सराहना की थी। उन्होंने आरएसएस को राष्ट्रवादी एवं निष्कलंक संगठन बताते हुए कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा चाहें तो आरएसएस में जा सकते हैं।
पत्रकारों के एक अन्य सवाल के जवाब में मदन राठौड़ ने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की प्रतिष्ठा धूमिल करते हैं, उसी तर्ज पर आज अन्य राजनीतिक दलों के नेता भी ऐसा कृत्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी मंच पर भारत की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार राजनेताओं को अपनी बात देश के भीतर सक्षम स्तर पर और तथ्यों के आधार पर रखनी चाहिए, विदेशी मंच पर नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसा करना उचित नहीं है और यह केवल प्रसिद्धि प्राप्त करने का माध्यम है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
