उदयपुर/जयपुर, 2 फरवरी 2026। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उदयपुर स्थित पटेल सर्कल पार्टी कार्यालय के मीडिया सेंटर में केंद्रीय बजट पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

विकसित भारत 2047 का विजन

मदन राठौड़ ने कहा कि "यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक दूरदर्शी और मजबूत दस्तावेज है, जो देश के आधारभूत ढांचे, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान को नई गति देगा।" उन्होंने बताया कि 2013 तक कांग्रेस शासन में देश विकास के मामले में पिछड़ा हुआ था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लगातार ऐसे परिवर्तन हुए हैं, जिन्हें देशवासी स्वयं महसूस कर रहे हैं।

आर्थिक सशक्तिकरण के आंकड़े
  • वर्ष 2013 में जहां 1.5 करोड़ लोग आयकर देते थे, वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 9.2 करोड़ हो गई है, जो गरीबी में कमी और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रमाण है।
  • प्रति व्यक्ति आय 2004-05 में 23,203 रुपये से बढ़कर 2024-25 में 2,05,324 रुपए हो गई है।
  • बजट का आकार 2013 में 2 लाख करोड़ से बढ़कर आज 54.1 लाख करोड़ हो गया है।
  • पूंजीगत व्यय 1.1 लाख करोड़ से बढ़कर 12.2 लाख करोड़ हो गया है तथा राजकोषीय घाटा घटकर 4.3 प्रतिशत रह गया है।
किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किसानों के हित में एमएसपी में हुई ऐतिहासिक वृद्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि धान, गेहूं, मक्का, अरहर, मूंग और उड़द जैसी फसलों के दाम कई गुना बढ़े हैं।

फसल वर्ष 2004-05 मूल्य वर्ष 2023-24 मूल्य
धान 550 रुपए 2,183 रुपए
मक्का 505 रुपए 2,090 रुपए
अरहर 1,360 रुपए 7,000 रुपए
मूंग 1,370 रुपए 8,580 रुपए
उड़द 1,370 रुपए 6,950 रुपए
आधारभूत ढांचा और रेल-हवाई कनेक्टिविटी

राठौड़ ने कहा कि "रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, आधुनिक स्टेशन, ऑनलाइन टिकटिंग और बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाएं नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती हैं।"

  • 2013-14 में ट्रैक का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत था जो आज 100 प्रतिशत हो गया है।
  • मोदी सरकार ने रेलवे के बजट को मुख्य बजट में शामिल किया। वंदे भारत जैसी सेमी हाई स्पीड ट्रेनों का विस्तार किया गया।
  • ब्रेकिंग सिस्टम को मजबूत और नई तकनीकी से बढ़ाया, जिससे हादसों में कमी आई और टिकट बुकिंग ऑनलाइन करके ब्लैक का काम खत्म किया।
  • बुजुर्गों के लिए एक्सीलेटर, साफ सुथरी और चमकदार प्लेटफॉर्म आज के नये भारत की तस्वीर बयां करता है।
  • 100 से अधिक हवाई अड्डों का निर्माण और आधुनिकीकरण किया गया है।
  • राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण 50 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है।
स्वास्थ्य और जन कल्याण

उन्होंने बताया कि देश की जीडीपी तेजी से बढ़ रही है। 2009 में केवल एक एम्स था, जबकि आज 24 एम्स कार्यरत हैं और इस बजट में 5 आयुर्वेदिक एम्स की घोषणा की गई है। आयुष्मान भारत योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बन चुकी है। गंभीर बीमारियों की दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी समाप्त कर मरीजों को राहत दी गई है।

युवा, महिला और रोजगार

बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास, प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल और पर्यटन से रोजगार बढ़ाने हेतु 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने के प्रावधान हैं। साथ ही एमएसएमई और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

भाजपा की गारंटी और धन्यवाद

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा की गारंटी है कि भारत विकसित होगा, रोजगार मिलेगा, भुगतान समय पर होगा और बिचौलियों व भ्रष्टाचार को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि "बजट भारत के विकास में मील का पत्थर साबित होगा, पीएम मोदी और उनकी पूरी टीम को जनकल्याणकारी बजट के लिए धन्यवाद।" यह बजट भारत के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story