भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का डोटासरा पर हमला, बोले- भाजपा-संघ के फोबिया से ग्रस्त
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गोविंद सिंह डोटासरा पर मानसिक अवसाद और भाजपा-संघ फोबिया का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस के विजन, परिसीमन, महिला-दलित सम्मान और विकास कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए।

तस्वीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एक कार्यक्रम के दौरान माइक पर बोलते हुए नजर आ रहे हैं।
जयपुर, 04 सितंबर 2026। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें मानसिक अवसाद का शिकार और भाजपा-संघ के फोबिया से ग्रस्त बताया। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस की जमीनी स्थिति का आकलन डोटासरा के पास पहुंच गया है, इसलिए वे अनर्गल प्रलाप कर सामने दिख रही हार की झेंप मिटाने का प्रयास कर रहे हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि परिसीमन में बेईमानी कांग्रेस ने पिछले निकाय चुनावों में की थी। तुष्टिकरण के आधार पर किसी वार्ड में 300 मतदाता रखे गए तो किसी वार्ड में 3000 वोटर्स कर दिए गए। उन्होंने कहा कि बेईमानी उसे कहते हैं, जो कांग्रेस ने की थी। राठौड़ ने कहा कि भाजपा का कौन कार्यकर्ता, कौन नेता कहां आएगा, कहां बैठेगा और कहां चुनाव का कार्य देखेगा, यह भारतीय जनता पार्टी परिवारभाव के साथ तय करने में सक्षम है। कांग्रेस और उसके नेताओं को इसकी चिंता करने या ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। अगर चिंता और ज्ञान ज्यादा ही है तो वे पहले अपने घर की चिंता कर लें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग और सत्ता का नशा कांग्रेस शासन में प्रदेश की जनता ने डोटासरा में देखा है। डोटासरा शायद वह दिन भूल गए हैं या उसकी हनक अभी बाकी है, इसलिए वे गाहे-बगाहे अपने अतीत को याद कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता का कुप्रबंधन राजस्थान की जनता ने भुगता है। सरकार होटलों से चली है और अब कुप्रबंधन की बात की जा रही है।
राठौड़ ने कांग्रेस के दलितों और महिलाओं को सम्मान देने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ दावा करती है कि दलितों और महिलाओं को सम्मान दे रही है, लेकिन ये इनके शब्दों के ढकोसले हैं। बीकानेर में जिस कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पीटा गया, वह दलित समाज से आते हैं। वहीं, कांग्रेस के विधायकों ने महिला नेत्रियों से मेरे लिए व्यक्तिगत क्या किया, यह पूछने का साहस किया। वहां महिलाओं का सम्मान किस तरह होता है, यह किसी से छिपा हुआ नहीं है।
मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा महिला सम्मान की बात करते हैं, लेकिन उनकी पार्टी से जुड़े परिवार के लोग और विशेषकर स्वरा भास्कर जैसे लोग राजस्थान की मर्यादा को तार-तार कर देते हैं। जब स्वरा भास्कर जौहर जैसे पवित्र बलिदान पर सवाल उठाती हैं, तब डोटासरा के मुंह में दही जम जाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास और जनता की सेवा में विश्वास करती है। यही कारण है कि पिछले 2.5 साल में राजस्थान की भाजपा सरकार ने लोक कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा झूठ गढ़ने की मशीन से होड़ करते हुए प्रतीत होते हैं, जब वे राजस्थान में पिछले ढाई साल में हुए विकास के काम पर सवाल उठाते हैं।
पट्टों के मामले में डोटासरा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछले 2.5 साल में 2 लाख 12 हजार से ज्यादा आवासीय पट्टे जारी किए हैं, जबकि इसी कालखंड में कांग्रेस ने 1 लाख 60 हजार ही पट्टे जारी किए थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 31 माह में 1 लाख 6 हजार नवीन स्वीकृतियां जारी की हैं, जबकि कांग्रेस के इसी कालखंड में 4760 स्वीकृतियां ही जारी की गई थीं। भाजपा सरकार ने आवास विहीन गरीब परिवारों को रियायती दर पर 30 माह में 17000 आवासीय भूखंड आवंटित किए हैं, जबकि कांग्रेस ने इसी कालखंड में केवल 5 हजार 600 परिवारों को लाभ दिया था।
राठौड़ ने कांग्रेस के विजन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता कांग्रेस का विजन जानती है। समाज को बांटना, झूठ फैलाना और तुष्टिकरण करना ही कांग्रेस का त्रि-सुत्रीय फार्मूला है। उन्होंने कहा कि विजन के नाम पर आज जो काम जनता के सामने रखे जा रहे हैं, वे काम कांग्रेस ने सरकार में रहते हुए क्यों नहीं किए और अब जो दावे किए जा रहे हैं, उन्हें पूरा कैसे करेंगे, यह जनता जानती है। उनके अनुसार, ये दावे झूठ के पुलिंदे के अलावा कुछ नहीं हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि अब शहरों में ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी और शहर विकसित भारत के सपने के साथ तेजी से कदम बढ़ाकर विकास के पथ पर अग्रसर होगा।

