जयपुर, 17 नवंबर 2026। हैदराबाद समिट को लेकर राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के नाम पर भारत विरोधी विचारों को मंच दे रही है और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है। राठौड़ ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में पहचान रखने वाले भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को प्रोत्साहित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने और देश में अराजकता फैलाने से कांग्रेस को कभी सत्ता हासिल नहीं होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस द्वारा आयोजित हैदराबाद समिट को भारत विरोधी एजेंडे का मंच करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के नाम पर ऐसे विदेशी प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया, जिनका अतीत भारत के राष्ट्रीय हितों, नीतियों और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के विरोध से जुड़ा रहा है। उनके अनुसार, इस आयोजन के माध्यम से भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय लोकतंत्र की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का नाम 'भारत समिट' रखा गया, लेकिन वहां भारत विरोधी विचारों को अभिव्यक्ति देने का अवसर प्रदान किया गया। भारत में भारतीय प्रधानमंत्री के खिलाफ विदेशी प्रतिनिधियों और कांग्रेसियों की ओर से लगाए गए नारे भी दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

राठौड़ ने कहा कि यह विडंबना है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले भारत की प्रमुख विपक्षी पार्टी विदेशी प्रतिनिधियों के साथ मिलकर देश की छवि खराब करने में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को देश की ये उपलब्धियां रास नहीं आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि हैदराबाद समिट में नीदरलैंड के पूर्व विदेश मंत्री बर्ट कोएंडर्स, इक्वाडोर के पूर्व विदेश मंत्री गियौम लॉन्ग, इंडोनेशिया के पूर्व मंत्री अनीस बसवेदन, मलेशिया की पूर्व सांसद नूरुल इज़्ज़ाह अनवर, पुर्तगाल की पूर्व मंत्री मारिया जोआओ रोड्रिग्स और अमेरिकी राजनयिक पैट्रिक गैस्पार्ड को आमंत्रित किया गया। राठौड़ ने इन प्रतिनिधियों के पूर्व बयानों, अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और भारत के प्रति उनके रुख को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के साथ भारत में मंच साझा करना चिंताजनक है।

बर्ट कोएंडर्स के संदर्भ में राठौड़ ने कहा कि भारत के परमाणु परीक्षणों के बाद उन्होंने प्रतिबंधों की पैरवी की थी और कश्मीर के मामले में तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की मांग उठाने वाला बयान दिया था। इसी तरह गियौम लॉन्ग पर कश्मीर को लेकर भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय रुख का समर्थन करने और नागरिकता संशोधन कानून के विरोध से जुड़े समूहों के साथ जुड़ाव सामने आने की बात कही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस से सवाल किया कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और आंतरिक नीतियों में विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा देने वाले लोगों को आमंत्रित करने के पीछे उसका उद्देश्य क्या है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास देश की जनता के सामने अपनी राजनीतिक विफलताओं का कोई जवाब नहीं है। इसी वजह से वह विदेशी मंचों का सहारा लेकर भारत को बदनाम करने की साजिश रच रही है।

राठौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने और विदेशों में जाकर देश के खिलाफ माहौल बनाने से सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक दिशा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस आधार पर पार्टी की सत्ता में वापसी मुंगेरी लाल के हसीन सपने जैसी होगी। देश की जनता राष्ट्रहित और विकास की राजनीति चाहती है, न कि विदेशी ताकतों के सहारे भारत की छवि खराब करने का एजेंडा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष इसी तरह के प्रयास कर रहे हैं।

Next Story