मदन राठौड़ ने अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भजनलाल सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिना तथ्यों के बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत कुछ भी बोलते रहते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा की सरकारें केवल घोषणाएं नहीं करतीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए ठोस योजनाओं के माध्यम से कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को धोखा देने की राजनीति नहीं करती। उनके अनुसार कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनहित के अनेक महत्वपूर्ण कार्य उपेक्षित रहे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं तक पहुंच रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है तथा वे नई तकनीकों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्होंने स्वरोजगार और छोटे उद्योग स्थापित कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस तथा अन्य विभागों में महिलाओं को अधिक अवसर प्रदान किए गए हैं। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनेक नीतिगत फैसले लिए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की महिलाओं पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल महिलाओं के लिए योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज और अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी दिलाना है।

मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में केवल बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों, पारदर्शी शासन और महिला हितैषी नीतियों को देख रही है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध रहते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करती रहेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story