जयपुर, 18 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं से देश में आर्थिक और सामाजिक बदलाव की नई तस्वीर सामने आ रही है। पिछले 12 वर्षों में लगभग 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच, जनकल्याणकारी नीतियों और अंत्योदय की भावना का परिणाम बताते हुए कहा कि अब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी सक्षम बन रहा है।

मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबी के खिलाफ लड़ाई को नई गति दी है। सरकार की विभिन्न योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। जनधन योजना के माध्यम से गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध करवाए गए और बिना गारंटी मुद्रा ऋण के जरिए स्वरोजगार को प्रोत्साहन दिया गया। वहीं, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। हर महीने मुफ्त राशन, शिक्षा के क्षेत्र में नई नीतियों, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल जैसी योजनाओं ने गरीबों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, आवास, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। इससे पीढ़ियों से गरीबी और अभाव में जीवन गुजार रहे परिवारों को बेहतर और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद मिली है।

राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता केवल गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इन योजनाओं ने उनके भीतर आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूत किया है। जिन गरीब परिवारों का जीवन पहले अभावों और चिंताओं के बीच गुजरता था, आज उन्हें सरकारी जनकल्याणकारी नीतियों से सुरक्षा और भरोसा मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'सबका साथ, सबका विकास' का संकल्प विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आधार बना है। अंत्योदय की इसी भावना के तहत गरीबों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और उनके जीवन स्तर में बदलाव लाने के प्रयास नए भारत की पहचान बन रहे हैं।

Next Story