मदन दिलावर ने ऑनलाइन जनसुनवाई में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
पंचायती राज सभागार से प्रदेश की छह ग्राम पंचायतों के 121 परिवादों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

तस्वीर में पंचायती राज विभाग के सभागार में मंत्री श्री मदन दिलावर और राज्य मंत्री श्री ओटाराम देवासी अन्य अधिकारियों के साथ बैठकर बैठक संचालित कर रहे हैं।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज सभागार से प्रदेश की छह ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन विशेष जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पंचायती राज विभाग के राज्य मंत्री श्री ओटाराम देवासी भी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक परिवाद का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
विशेष जनसुनवाई में कुल 121 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें कोटा जिले की असकली ग्राम पंचायत से 13, अजमेर जिले की सांपला ग्राम पंचायत से 10, उदयपुर जिले की ओबराकला ग्राम पंचायत से 16, जालौर जिले की बादनवाड़ी ग्राम पंचायत से 16, झालावाड़ जिले की कोटड़ी ग्राम पंचायत से 40, सीकर जिले की हथौरा ग्राम पंचायत से 27 तथा जालौर जिले की बांदनवाडी ग्राम पंचायत से 15 परिवाद शामिल रहे।
जनसुनवाई के दौरान झालावाड़ जिले की कोटड़ी ग्राम पंचायत से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने संबंधी सात परिवाद सामने आए। इस पर मंत्री श्री दिलावर ने जिला कलक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी लंबित भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
इसी ग्राम पंचायत की भगत बहन की पिछले छह माह से रुकी वृद्धावस्था पेंशन का मामला भी जनसुनवाई में सामने आया। मंत्री के निर्देश पर परिवादी का वार्षिक सत्यापन एवं आय घोषणा पत्र तैयार कर मौके पर ही पेंशन पुनः प्रारंभ कराई गई। अब उन्हें प्रतिमाह 1,450 रुपये की वृद्धावस्था पेंशन मिलेगी। त्वरित कार्रवाई पर परिवादी ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।
सीकर जिले की हथौरा ग्राम पंचायत के श्री रामनिवास यादव ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हथौरा में स्वीकृत रिक्त पदों को भरने का मुद्दा उठाया। इस पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने आवश्यक कार्रवाई कर पदों को भरने का आश्वासन दिया। इसी प्रकार श्री मालीराम जांगिड़ द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोडयाड़ी में वरिष्ठ अध्यापक के रिक्त पद को भरने की मांग पर भी मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जालौर जिले की बादनवाड़ी ग्राम पंचायत में श्री हरिसिंह बालावत द्वारा आवासीय भूखंड का पट्टा जारी करने का प्रकरण सामने आने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को 5 जुलाई तक पट्टा हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन को जन-उत्तरदायी, पारदर्शी और संवेदनशील बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन विशेष जनसुनवाई जैसी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है तथा शासन और आमजन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूती मिल रही है।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर बीडीओ, मुख्य एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, विद्युत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED), सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता, उपखंड स्तरीय अधिकारी तथा ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त परिवादों के त्वरित निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। ऑनलाइन विशेष जनसुनवाई के माध्यम से राज्य सरकार ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जवाबदेह, संवेदनशील और प्रभावी प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
