मदन दिलावर का अशोक गहलोत पर पलटवार, बोले- कांग्रेस ने जल जीवन मिशन को बनाया भ्रष्टाचार का जरिया
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। रामजल सेतु, यमुना और नर्मदा जल समझौतों का जिक्र कर कांग्रेस शासनकाल पर भी सवाल उठाए।

जयपुर, 17 नवंबर 2026। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस शासनकाल में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के क्रियान्वयन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में नल से जल कम और भ्रष्टाचार की धार ज्यादा बहती थी। जल जीवन मिशन घोटाला कांग्रेस शासन का ऐसा काला अध्याय है, जिसे किसी जल से नहीं धोया जा सकता।
मदन दिलावर ने अशोक गहलोत की ओर से उठाए गए बजट फाइल्स एपिसोड पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे सस्ती पब्लिसिटी का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही कांग्रेस के डिजाइनर नैरेटिव को नकार चुकी है। घबराने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि घबराहट शब्द भाजपा की डिक्शनरी में ही नहीं है, क्योंकि उनकी सरकार काम करती है और अपने काम को सार्वजनिक रूप से सामने रखती है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में जल क्रांति आ रही है। इसके वेग में कांग्रेस का झूठ और लूट का कारोबार तिनके की तरह बह जाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने रामजल सेतु लिंक परियोजना समझौता, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना जैसे समझौते कर प्रदेश की जनता को उसके हक का पानी दिलाने का काम किया है।
दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में जल जीवन मिशन को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इस मिशन को जल से कमाई और जेब में मलाई का जरिया बनाया था, उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा और सजा भुगतनी ही पड़ेगी। शिक्षा मंत्री के इस बयान के साथ राजस्थान में जल जीवन मिशन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

