जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले लोकमंथन-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जवाहर कला केन्द्र में आयोजित स्वागत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि लोकमंथन भारत की सांस्कृतिक चेतना और लोकजीवन की परंपराओं का उत्सव है। राजस्थान की धरती पर इस आयोजन का होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में सांस्कृतिक पहचान और मूल्यों का संरक्षण आवश्यक हो गया है। लोकमंथन के माध्यम से देशभर के विचारकों, विद्वानों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विचार-विमर्श का साझा मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमंथन का मूल उद्देश्य राष्ट्र प्रथम की भावना को केंद्र में रखते हुए भारत की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और ज्ञान विरासत को आगे बढ़ाना है। इस आयोजन के जरिए राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली अतीत और संस्कारों से परिचित करवाया जाएगा।

उन्होंने भारतीय संस्कृति में परंपराओं और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक मांगलिक और धार्मिक आयोजन के पीछे विशेष उद्देश्य और सामाजिक संदेश निहित होता है। विवाह समारोहों में बहन-बेटियों द्वारा देहरी पूजन की परंपरा परिवार और समाज के बीच संबंधों को मजबूत करने का माध्यम है। भारतीय संस्कृति में जीवन का प्रत्येक पक्ष परंपरा, अनुशासन और विशेष भाव से जुड़ा हुआ है। मंदिरों में अलग-अलग पहरों से लेकर विवाह समारोहों में समय के अनुसार गाए जाने वाले मांगलिक गीत भी इसी सांस्कृतिक व्यवस्था का हिस्सा हैं। हालांकि, समय के साथ अनेक लोक परंपराएं और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां विस्मृत होती जा रही हैं। ऐसे में इन परंपराओं को समझना, संजोना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने के लिए कर्तव्य पथ, नए संसद भवन और सेवा तीर्थ जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने 30 मार्च के स्थान पर प्रतिवर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाने की शुरुआत की है। इसी तरह माउण्ट आबू का नाम बदलकर आबूराज किया गया है। सरकार ने वेद विद्यालयों के अध्यापकों का मानदेय बढ़ाने के साथ गौ संरक्षण के लिए गौशालाओं को करीब 4 हजार करोड़ रुपये का अनुदान भी दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विदेशों से प्राचीन धरोहरों की वापसी से लेकर आस्थाधामों के विकास तक राष्ट्रीय चेतना से जुड़े अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री के 'विकास भी, विरासत भी' के मूल मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार ने शेखावाटी की 660 से अधिक हवेलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन हवेलियों के संरक्षण में प्रवासी राजस्थानियों का सहयोग लिया जाएगा। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से आगामी प्रवासी दिवस (10 दिसंबर) के अवसर पर 8 दिसंबर को शेखावाटी में हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की धरती वीरता और बलिदान के साथ-साथ कला, साहित्य, संगीत, अध्यात्म, लोकजीवन और सांस्कृतिक वैभव के लिए भी विशिष्ट पहचान रखती है। प्रदेश की मांड गायकी, घूमर, कालबेलिया नृत्य, कठपुतली कला, फड़ चित्रकला और स्थापत्य परंपरा की दुनिया में अलग पहचान है। जयपुर में लोकमंथन का आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाने का अवसर बनेगा। उन्होंने स्वागत समिति के सदस्यों से लोकमंथन-2026 के माध्यम से 'हम भारत के लोग' की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

स्वागत समिति के महासचिव एवं प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन लोकजीवन और भारतीय ज्ञान परंपरा पर विमर्श का राष्ट्रीय मंच है। लोकमंथन-2026 से पहले राजस्थान के विभिन्न अंचलों में व्यापक यात्रा निकाली गई, जिसके तहत 'ग्राम दर्शन' जैसे अभूतपूर्व कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि लोकमंथन के लिए अब तक बड़ी संख्या में युवाओं का पंजीकरण हो चुका है। युवाओं की भागीदारी नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र की मूल चेतना से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

बैठक से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकमंथन-2026 के आयोजन स्थल जवाहर कला केन्द्र में विधिवत भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में पूर्णाहुति अर्पित की। 'हम भारत के लोग' थीम पर आधारित लोकमंथन-2026 का आयोजन जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में 4 से 6 दिसंबर तक होगा।

बैठक में आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार सहित संत-महंत और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। लोकमंथन-2026 के जरिए भारतीय सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विषयों पर देशभर के विचारकों और युवाओं को एक साझा मंच पर लाने की तैयारी है।

Next Story