लोहार्गल बरखंडी धाम संत सूरजादास हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं की गोठड़ा थाना पुलिस ने एसडीआरएफ, साइबर सेल और एफएसएल की मदद से महज 5 दिन में हत्या और लूट का पर्दाफाश करते हुए आरोपी सुरेश कुमार को पकड़ा।

लोहार्गल स्थित बरखंडी धाम के संत सूरजादास जी महाराज की हत्या और लूट के मामले का गोठड़ा थाना पुलिस ने महज पांच दिन में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में सुरेश कुमार पुत्र ग्यारसीलाल, उम्र 44 वर्ष, निवासी झाझम की ढाणी तन पहाड़ीला, थाना गोठड़ा, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गोठड़ा प्रेमप्रकाश पुण्णी के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
घटनाक्रम के अनुसार, 27 सितंबर को परिवादी शंकरलाल ने गोठड़ा थाने में रिपोर्ट दी कि लोहार्गल धाम स्थित बरखंडी बाबा मंदिर के संत सूरजादास जी महाराज, जो सिंगोद कलां जयपुर के रहने वाले थे, 26 सितंबर की शाम से लापता हैं। अगले दिन मंदिर पहुंचे यात्रियों ने भी संत के वहां मौजूद नहीं होने की जानकारी दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने संत की तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान पुलिस टीम और ग्रामीणों को बरखंडी की पहाड़ियों में एक गहरी खाई में संत का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और एमओबी की सहायता से मौके का निरीक्षण कराया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
गहरी खाई में शव मिलने के बाद उसे बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ जयपुर और जिला रेस्क्यू टीम की मदद ली गई। शव को खाई से बाहर निकालने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। संत की हत्या के बाद अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के साथ तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। लगातार किए गए अनुसंधान के बाद पुलिस टीम आरोपी सुरेश कुमार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से संत की हत्या और लूट की वारदात से जुड़े घटनाक्रम, वारदात के कारण तथा लूटे गए सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पूरे मामले के खुलासे में गोठड़ा थाना पुलिस के साथ उदयपुरवाटी थाना, नवलगढ़ थाना, साइबर सेल झुंझुनूं और डीएसटी झुंझुनूं की टीमों ने भी सहयोग किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक राकेश कुमार और हेड कांस्टेबल रोहीताश की विशेष भूमिका रही। पुलिस के तकनीकी अनुसंधान और विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयास से संत सूरजादास जी महाराज की हत्या और लूट के मामले में आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

