जयपुर जिले में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा के दौरान पूरे जिले में कड़ी निगरानी और व्यापक व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा प्रक्रिया पूरी की गई।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी में 90,001 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 67,490 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 22,511 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पारी में उपस्थिति 74.99 प्रतिशत दर्ज की गई।

इसी प्रकार द्वितीय पारी में भी 90,001 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 66,893 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 23,108 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पारी में उपस्थिति 74.32 प्रतिशत रही।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और गोपनीयता के व्यापक प्रबंध किए गए, जिनमें सीसीटीवी निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन शामिल रहा।

इसके अलावा परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गठित 38 उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया के दौरान नियंत्रण कक्ष के माध्यम से भी निरंतर निगरानी रखी गई।

जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से दोनों पारियों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। परीक्षा का समापन पूरी तरह सफल एवं पारदर्शी तरीके से दर्ज किया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story