बीकानेर शहर के प्रमुख उपनगरीय रेलवे स्टेशन, लालगढ़ जंक्शन ने कायाकल्प की एक नई इबारत लिखी है। ब्रिटिश कालीन गौरवशाली इतिहास को सहेजते हुए, यह स्टेशन अब अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं का केंद्र बन चुका है। पंजाब और उत्तरी राजस्थान से माता करणी के दर्शन हेतु देशनोक जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए यह स्टेशन अब सुगम यात्रा का प्रवेश द्वार साबित हो रहा है। जोधपुर-बठिंडा और फलोदी-लालगढ़ लाइन के मिलन बिंदु पर स्थित होने के कारण, यह जंक्शन न केवल बीकानेर मुख्य स्टेशन के यात्री भार को कम कर रहा है, बल्कि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान की जीवनरेखा के रूप में भी कार्य कर रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 18.70 करोड़ रुपये की लागत से लालगढ़ स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत स्टेशन भवन का कायाकल्प, प्रवेश और निकास के लिए पृथक मार्ग, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण और पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक रूप दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रिटायरिंग रूम, बुकिंग ऑफिस और नए टॉयलेट ब्लॉक्स का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। स्टेशन की आभा को निखारने के लिए एलइडी लाइटिंग और कलात्मक वॉल आर्टवर्क का समावेश किया गया है, साथ ही दिव्यांगजनों की सुगमता के लिए उपयुक्त साइनेज भी लगाए गए हैं।

तकनीकी आधुनिकीकरण के मोर्चे पर भी स्टेशन ने लंबी छलांग लगाई है। पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाते हुए यहाँ लगभग 22.50 लाख रुपये की लागत से 50 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। यात्री सूचना प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन और सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़ी एलइडी स्क्रीन्स और जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियाँ लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त, स्टेशन पर लगभग 7.02 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवर ब्रिज) निर्माणाधीन है, जिसका 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जो यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन प्रदान करेगा।

लालगढ़ स्टेशन का यह पुनर्विकास केवल बुनियादी ढांचे का विकास नहीं, बल्कि इस पूरे क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन परिदृश्य में बदलाव का वाहक है। आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता से न केवल यात्रियों का सफर सुखद होगा, बल्कि स्थानीय हस्तशिल्प कला और पर्यटन उद्योग को भी नई गति मिलेगी। व्यापार और रोजगार के नए अवसरों के सृजन के साथ, लालगढ़ जंक्शन अब उत्तर-पश्चिमी राजस्थान की प्रगति के एक नए अध्याय का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story