सहकार सप्ताह के तहत सहकारी संस्थाओं में वृक्षारोपण अभियान, ग्रीन इनिशिएटिव पर जोर
सहकार सप्ताह के तहत जयपुर व चित्तौड़गढ़ सहित सहकारी संस्थाओं में वृक्षारोपण हुआ। ग्रीन को-ऑपरेटिव इनिशिएटिव और जियो-टैगिंग पर जोर दिया गया।

चित्तौड़गढ़ सहकारी भूमि विकास बैंक परिसर में पौधा रोपण कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारी और किसान।
जयपुर में 4 जुलाई को सहकार सप्ताह कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत राज्यभर की सहकारी संस्थाओं में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा, आई.ए.एस. ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय वृक्षारोपण की शुरुआत सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने चित्तौड़गढ़ में प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक में वृक्षारोपण कर की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी सहकारी संस्थाओं में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है और प्रत्येक सहकारी संस्था द्वारा अपने परिसर या सार्वजनिक स्थलों पर पांच-पांच पेड़ लगाए गए हैं। इस पूरी पहल के तहत लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग करवाई जा रही है तथा उनकी देखभाल के लिए अधिकारियों और कार्मिकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि वे ग्रीन को-ऑपरेटिव इनिशिएटिव्स की मुहिम के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाकर जलवायु को भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि ग्रीन को-ऑपरेटिव इनिशिएटिव के माध्यम से सभी को मिलकर कार्य करना होगा, तभी जलवायु में हो रहे नकारात्मक परिवर्तनों को रोका जा सकेगा तथा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर सस्टेनेबल कृषि और किसानों की आय में वृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल के तहत सहकारी समितियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें सोलर ऊर्जा का उपयोग, रासायनिक खाद की जगह जैविक एवं नैनो फर्टिलाइजर्स का प्रयोग, बूंद-बूंद सिंचाई जैसी तकनीकों को अपनाना तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
डॉ. शर्मा के अनुसार राज्य स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम जयपुर में झालाना संस्थानिक क्षेत्र स्थित राइसेम परिसर में आयोजित किया गया, जहां उन्होंने बिल्व का वृक्षारोपण किया। वहीं प्रबंध निदेशक, राजफैड श्री सौरभ स्वामी ने जामुन का वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक श्री रणजीत सिंह चुंडावत, राइसेम के निदेशक श्री संजय पाठक, निर्वाचन प्राधिकारी श्री इंद्रराज मीणा, तकनीकी सहायक श्री नवीन शर्मा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रथम श्री कार्तिकेय मिश्र, अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रोसेसिंग श्री शुद्धोधन उज्ज्वल, अतिरिक्त रजिस्ट्रार उपभोक्ता श्री केदारमल मीणा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार जयपुर खंड श्री मदन लाल गुर्जर, प्रबंध निदेशक को-ऑपरेटिव प्रेस श्री मुरार सिंह जाड़ावत, प्रबंध निदेशक जेसीसीबी श्री दिनेश कुमार शर्मा, संयुक्त रजिस्ट्रार मार्केटिंग श्रीमती सोनल माथुर, अतिरिक्त निदेशक राइसेम श्रीमती कृति शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिकों ने भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
