जयपुर में कृषि विभाग की बजट घोषणाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल की अध्यक्षता में पंत कृषि भवन के सभा कक्ष में बजट वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी बजट घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। कृषि आयुक्त ने अधिकारियों से प्रत्येक घोषणा के तहत अब तक की गई कार्यवाही, स्वीकृतियों, वित्तीय एवं भौतिक प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी तरीके से लागू किया जाए, जिससे प्रदेश के किसानों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।

कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, फसल उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि तथा कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन के लिए कई महत्वपूर्ण बजट घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं को धरातल पर उतारना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बजट घोषणा के लिए स्पष्ट कार्ययोजना, समय-सीमा और जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमित रूप से प्रगति की मॉनिटरिंग की जाए। जिन कार्यों में तकनीकी, प्रशासनिक अथवा वित्तीय स्तर पर कोई बाधा आ रही है, उनका तत्काल समाधान कर प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

बैठक के दौरान कृषि आयुक्त ने कहा कि विभागीय योजनाओं और बजट घोषणाओं का उद्देश्य केवल वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों को पूरा करना नहीं है, बल्कि किसानों को योजनाओं का समय पर और अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रचार-प्रसार और किसानों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।

बैठक में बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति, क्रियान्वयन की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले उपलब्धियां और आगामी अवधि में किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय कार्यक्षेत्र से जुड़ी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कृषि आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बजट घोषणाओं की शत-प्रतिशत क्रियान्विति सुनिश्चित करने और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उच्च स्तर पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story