यूरिया डाईवर्जन पर कृषि विभाग की बड़ी कार्यवाही, सांगानेर मंडी में अवैध खेप जब्त
कृषि विभाग की टीम ने औद्योगिक उपयोग के लिए अनुदानित यूरिया के डेफ निर्माण को रोकते हुए सैंकड़ों बैग जब्त किए

जयपुर, 7 मार्च। कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने शनिवार को सांगानेर के मुहाना मंडी क्षेत्र में छापामारी कर अवैध यूरिया की भारी खेप जब्त की। अनुदानित यूरिया का औद्योगिक उपयोग कर डीजल गाड़ियों में DEF (डीजल एक्जास्ट फ्लूड) बनाने की जानकारी मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
मुहाना गांव के हवालों की ढाणी से 1,104 अनुदानित यूरिया के कट्टे श्री दिनेश पुत्र राधेश्याम शर्मा, गांव मुहाना से जब्त कर ग्राम सेवा सहकारी समिति मुहाना को सुपुर्द किए गए। इसके अतिरिक्त कपूरावाला में ABI पेट्रोसाइन कंपनी से 50 यूरिया बैग जब्त कर ग्राम सेवा सहकारी समिति कपूरावाला को सौंपे गए।
कृषि विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने छापामारी कर यूरिया की जब्ती एवं नमूना आहरण की कार्रवाई की। मौके से HURL कंपनी के 1,154 यूरिया के भरे हुए कट्टे और 821 खाली बैग भी जब्त किए गए।
कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल ने बताया कि जब्त की गई यूरिया के प्रत्येक कट्टे की कीमत 2,189.50 रुपये है, जिसमें 1,923 रुपये का सरकारी अनुदान शामिल है। किसानों को यह यूरिया 266.50 रुपये में दिया जाता है। यह प्रकरण यूरिया डाईवर्जन का है, जिसमें अनुदानित यूरिया का औद्योगिक उपयोग प्रतिबंधित है। यह उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के सेक्शन 25 के तहत दंडनीय अपराध है। उद्योगों में उपयोग के लिए केवल बिना अनुदान का तकनीकी ग्रेड यूरिया लिया जा सकता है।
कृषि मंत्री ने बताया कि अनुदानित यूरिया का DEF, कलर पेंट, प्लाईवूड, पुश आहार आदि फैक्ट्रियों में दुरुपयोग रोकने के लिए राज्य स्तर पर शीघ्र ही सघन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। यह कार्रवाई अनुदानित यूरिया के दुरुपयोग और कृषि संसाधनों की सुरक्षा की दिशा में एक गंभीर कदम है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
