विश्व जनसंख्या दिवस: कोटा में जागरूकता कार्यक्रम और प्रश्नोत्तरी से युवाओं ने लिया संकल्प
कोटा में विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं ने जनसंख्या स्थिरता और सतत विकास का संकल्प लिया। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।

कोटा के वीर सावरकर नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी, गणमान्य अतिथि और पुरस्कृत विद्यार्थी।
कोटा, 11 जुलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को कोटा के वीर सावरकर नगर स्थित परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा द्वारा महर्षि गौतम टीटी कॉलेज एवं मदर टेरेसा सीनियर स्कूल के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता, स्वस्थ परिवार और सतत विकास के प्रति जनमानस में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा के सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस समाज को जनसंख्या संबंधी चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में जनसंख्या स्थिरता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और महिलाओं की सशक्त भागीदारी को आधारशिला बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महर्षि गौतम टीटी कॉलेज के निदेशक योगेंद्र शर्मा, मदर टेरेसा सीनियर स्कूल की प्राचार्य मान कुंवर, भारत विकास परिषद के प्रांतीय कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह सिंघवाल, प्रांतीय गतिविधि प्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा, चाणक्य शाखा के सदस्य हेमराज चित्तौड़ा और शाखा अध्यक्ष राजीव पालीवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने जनसंख्या नियंत्रण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन भारत विकास परिषद, महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों तथा स्टाफ सदस्यों द्वारा स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने और जनसंख्या स्थिरता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
