कोटा। भारतीय रेलवे की स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने कोटा-नागदा खंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की उच्च गति परीक्षण में सफलता प्राप्त कर भारतीय रेल तकनीक के क्षेत्र में नई उपलब्धि दर्ज की है। यह परीक्षण रेल सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें ट्रेन की सभी तकनीकी और सुरक्षा प्रणालियों का व्यापक मूल्यांकन किया गया।

परीक्षण के दौरान सवारी स्थिरता, दोलन, कंपन व्यवहार, ब्रेकिंग प्रदर्शन, आपातकालीन ब्रेकिंग प्रणाली और सुरक्षा प्रणालियों का परीक्षण किया गया। परीक्षण परिणामों में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का प्रदर्शन पूरी तरह संतोषजनक पाया गया और सीआरएस द्वारा इसे सफल घोषित किया गया।

माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इस उपलब्धि को सोशल मीडिया पर साझा किया। उनके द्वारा साझा किए गए वीडियो में कोटा-नागदा खंड पर ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की गति से दौड़ते हुए दिखाई देती है। वीडियो में विशेष रूप से पानी से भरे गिलास की स्थिरता का प्रदर्शन दिखाया गया, जो उच्च गति पर भी बिना छलके स्थिर रहे। यह प्रदर्शन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की उन्नत सवारी गुणवत्ता, अत्याधुनिक सस्पेंशन और तकनीकी मजबूती को रेखांकित करता है।

इस परीक्षण में उपयोग की गई 16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर रेलगाड़ी लंबी दूरी की यात्रियों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसमें आरामदायक स्लीपर बर्थ, उन्नत सस्पेंशन सिस्टम, स्वचालित दरवाजे, आधुनिक शौचालय, अग्नि सुरक्षा और निगरानी प्रणाली, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली और ऊर्जा-कुशल तकनीकें शामिल हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्व स्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

सीआरएस द्वारा हाई-स्पीड परीक्षण की सफल समाप्ति न केवल वंदे भारत स्लीपर सेवाओं की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त करती है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के तहत भारतीय रेलवे की नवाचार, सुरक्षा और स्वदेशी रेल निर्माण में प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की यह सफलता भारतीय रेलवे के लिए तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और देश में आधुनिक, सुरक्षित और तेज़ रेल परिवहन के नए युग की शुरुआत का संकेत देती है।

ट्वीट लिंक: https://x.com/i/status/2006000165803680128

Drive लिंक: https://drive.google.com/drive/folders/14YAr_VXQPzT_3dqaZsweB-6EQt65OqI0?usp=drive_link

Next Story