मोडिफाइड साइलेंसर से दहशत फैलाने वालों पर कोटा पुलिस का शिकंजा, 235 साइलेंसर जब्त कर रोड रोलर से किए नष्ट
कोटा में मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाकों जैसी आवाज निकालने वाले 235 दुपहिया वाहनों पर पुलिस ने कार्रवाई की। जब्त साइलेंसर रोड रोलर से नष्ट किए गए। अब इन्हें लगाने वाले मिस्त्रियों और बेचने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई होगी।

जयपुर। राजस्थान में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज धमाकों जैसी आवाज से आमजन में दहशत फैलाने वाले दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कोटा शहर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने 235 दुपहिया वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 235 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए। जब्त किए गए सभी साइलेंसर वाहनों से निकलवाने के बाद रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिए गए।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा और जनसुविधा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज के निर्देशन में यातायात पुलिस कोटा शहर ने मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से अचानक तेज धमाकों जैसी आवाज निकलती है, जिससे राहगीरों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसी आवाजों से वाहन चालकों का ध्यान भी भटक सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुपहिया वाहनों में इस प्रकार के साइलेंसर लगवाना नियम विरुद्ध है और मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है।
साइलेंसर लगाने वाले मिस्त्रियों और विक्रेताओं पर भी होगी कार्रवाई
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि कोटा पुलिस की कार्रवाई अब केवल मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगी। ऐसे साइलेंसर लगाने वाले मिस्त्रियों और उनकी बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वाहन चालकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित मिस्त्रियों और विक्रेताओं की पहचान की जाएगी।
फोटो और वीडियो से पुलिस को दे सकेंगे जानकारी
कोटा पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और दुपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की अपील की है। जिन वाहन चालकों ने अपने वाहनों में ऐसे साइलेंसर लगवा रखे हैं, उनसे इन्हें तत्काल हटवाने को कहा गया है।
पुलिस ने आमजन से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले मिस्त्रियों, विक्रेताओं और ऐसे साइलेंसर लगे वाहनों की फोटो या वीडियो पुलिस नियंत्रण कक्ष कोटा शहर के व्हाट्सऐप नंबर 9530442777 पर भेजने की अपील की है। इसके अलावा यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 07442350741 पर भी सूचना दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने बताया कि राजस्थान पुलिस आमजन की सुविधा, सड़क सुरक्षा और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसी अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। अभियान के तहत अब मॉडिफाइड साइलेंसर के उपयोग के साथ-साथ उनकी बिक्री और उन्हें वाहनों में लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

