लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कोटा में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। संसद भवन, नई दिल्ली में बुधवार को हुई इस बैठक में कोटा को खेल प्रतिभाओं के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में श्री ओम बिरला ने कहा कि कोटा के खेल स्टेडियम में दो नए एथलेटिक्स ट्रैक बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कोटा में खेल प्रतिभाओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि कोटा में आधुनिक खेल परिसरों का निर्माण, मौजूदा खेल सुविधाओं का उन्नयन और विभिन्न खेल विधाओं के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

श्री बिरला ने केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया के साथ कोटा में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की योजना पर चर्चा करते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। बैठक में खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था, अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, प्रशिक्षकों की नियुक्ति और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि कोटा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आधुनिक सुविधाएं और उचित प्रशिक्षण मिलने पर खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने कोटा में खेलों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और देशभर में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान कोटा के ईएसआई अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। श्री ओम बिरला ने अस्पताल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनें और हाईटेक चिकित्सा उपकरण जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में कोटा-बूंदी क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार, कोटा स्टेडियम की खेल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण तथा वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों को ध्यान में रखते हुए खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही कोटा के ईएसआई अस्पताल में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

कोटा को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में विकसित करने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग मजबूत होगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story