16 वर्षीय अपहृता नाबालिग बालिका कोटा के रंगबाड़ी से दस्तयाब, 10 हजार का था इनाम
कोटा में 17 जुलाई से लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को मानव तस्करी विरोधी यूनिट और नान्ता पुलिस ने रंगबाड़ी से दस्तयाब किया। तकनीकी अनुसंधान और आसूचना से मिली विश्वसनीय सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

कोटा में मानव तस्करी विरोधी यूनिट एवं थाना नान्ता पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घर से बिना बताए चली गई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को रंगबाड़ी, कोटा से दस्तयाब कर लिया। बालिका की दस्तयाबी पर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को फरियादिया ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की रिपोर्ट थाना नान्ता में दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी महिला अपराध अनुसंधान सैल मुकेश सांखला के निर्देशन तथा मानव तस्करी विरोधी यूनिट की प्रभारी मीनाक्षी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन के आधार पर लगातार नाबालिग बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस टीम बालिका के संभावित ठिकानों और उसके संबंध में प्राप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार जानकारी जुटाती रही।
मंगलवार 25 अगस्त को तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना के माध्यम से बालिका के रंगबाड़ी क्षेत्र में होने की विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मानव तस्करी विरोधी यूनिट एवं थाना नान्ता पुलिस की दोनों टीमों ने तत्काल संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को रंगबाड़ी, कोटा से दस्तयाब कर लिया।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से 17 जुलाई को घर से बिना बताए गई नाबालिग बालिका की तलाश पूरी हुई। उसकी दस्तयाबी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

