कोटा में महिला सुरक्षा संकल्प समारोह में 4500 महिलाओं ने भाग लिया। कालिका यूनिट ने आत्मरक्षा का लाइव डेमो दिया और ऑपरेशन गरुड़व्यूह-2 की जानकारी साझा की।

कोटा में बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कोटा शहर पुलिस ने बुधवार को कुन्हाड़ी स्थित लैंडमार्क सिटी के एलन कोचिंग के सद्गुण ऑडिटोरियम में विशाल महिला संवाद एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पूरे जुलाई माह को ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है और यह आयोजन उसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी रहा।

कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि कार्यक्रम में कोटा शहर की सुरक्षा सखियां, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका, एनएसएस, एनसीसी, गैर-सरकारी संगठनों की प्रतिनिधि, एएनएम, जीएनएम, आशा सहयोगिनी, गृहणियां, महिला छात्रावास वार्डन, विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की प्राचार्याएं एवं शिक्षिकाएं तथा एलन कोचिंग की छात्राओं सहित करीब 4500 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने जमीनी और डिजिटल स्तर पर महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कोटा पुलिस की विभिन्न पहल की जानकारी देते हुए राजकॉप सिटीजन ऐप, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, स्टूडेंट हेल्पलाइन, गरिमा हेल्पलाइन और केएसओएस (कोटा स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्म-जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मरक्षा के लिए तैयार करना रहा। ऑडिटोरियम में मौजूद हजारों महिलाओं के सामने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने मंच से लाइव डेमो प्रस्तुत कर आत्मरक्षा के व्यावहारिक और उपयोगी तरीके सिखाए। इस प्रदर्शन के माध्यम से महिलाओं को आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक तकनीकों की जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए कोटा पुलिस द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन गरुड़व्यूह-2’ की भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर ऑडिटोरियम में उपस्थित सभी 4500 प्रतिभागियों को देश को पूरी तरह नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों और महिला सुरक्षा से जुड़े स्टेकहोल्डर्स में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। शिक्षा एवं समाज सेवा क्षेत्र में रीना कुमारी एवं डॉ. रिंकी (महिला व्याख्याता), किरण सिकरवार एवं अनीता जैन (महिला प्राचार्या), गौरी सेठी, सुरक्षासखी पूजा शर्मा, नेहा प्रदान, जरीना खान और ज्योति सुवालका को सम्मान मिला। स्वास्थ्य एवं जमीनी सेवाओं के क्षेत्र में एएनएम आरती प्रजापत एवं शीतल कुमारी, एनसीसी से दिव्या प्रजापति एवं इकरा परवेज, एनएसएस से चित्रांशा एवं कावेरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रचना एवं तृप्ति गौतम तथा आशा सहयोगिनी ममता एवं नगेंद्र बाला को सम्मानित किया गया। कानून व्यवस्था और सुरक्षा में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली महिला पुलिसकर्मी रेणू, कविता, हरीकंवर, हेमकला, विमला, कविता और सोनिया को भी मंच से सम्मान प्रदान किया गया।

कोटा शहर में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पुलिस इकाइयों को भी विशेष सम्मान दिया गया। इनमें 40 गुमशुदा नाबालिग बच्चों और 108 बालिग व्यक्तियों को सकुशल दस्तयाब करने वाली मानव तस्करी विरोधी यूनिट कोटा, स्टूडेंट सेल कोटा तथा महिला अपराध अनुसंधान सेल को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

पूरे कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध अनुसंधान सेल, कोटा शहर द्वारा किया गया। वहीं, आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया सेल कोटा के सहायक उप-निरीक्षक रफ़ीक मोहम्मद ने कार्यक्रम का फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया, जिसे हजारों लोगों ने ऑनलाइन देखा। पुलिस ने बताया कि इससे पहले 1 जुलाई 2026 को भी संपर्क सभा और आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों के साथ ऑनलाइन संवाद आयोजित किया जा चुका है। कोटा शहर पुलिस ने दोहराया कि प्रत्येक महिला और बालिका की सुरक्षा तक अपनी सीधी पहुंच बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story