जयपुर/कोटा। कोटा शहर में सक्रिय अपराधियों, आदतन बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए पुलिस ने रविवार सुबह एक व्यापक ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान चलाते हुए अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम के सीधे निर्देशन में जिलेभर के थाना क्षेत्रों में गठित 61 विशेष टीमों ने एक साथ 387 संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर 178 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, जबकि 168 कबाड़ी दुकानों और डेरों की सघन जांच कर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने इस महाभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सक्रिय अपराधियों एवं आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार 17 मई को सुबह 7 बजे से ही इस एरिया डॉमिनेशन अभियान की शुरुआत कर दी गई थी। अभियान के दौरान कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विभिन्न थाना एवं वृत्त क्षेत्रों में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने पूर्व चिन्हित स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से एक साथ छापेमारी की।

इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कुल 4 प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 162 क्वार्टर देशी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की। वहीं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए मोर्चे में पुलिस ने 10 अलग-अलग प्रकरणों में 10 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 घातक धारदार हथियार जब्त किए। इसके अतिरिक्त जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार करते हुए पुलिस ने 1 आरोपी को दबोचा।

पुलिस की इस चौतरफा कार्रवाई में कानून से भाग रहे वांछित तत्वों पर भी भारी गाज गिरी। अभियान के तहत 3 जघन्य अपराधों के अभियुक्तों, 3 स्थायी वारंटियों तथा 7 सामान्य प्रकरणों में लंबे समय से वांछित चल रहे अपराधियों को दबोचा गया, जिससे कुल 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सकी। विधिक और निरोधात्मक कार्रवाई के तहत पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत 150 आदतन अपराधियों के विरुद्ध कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। इस प्रकार विभिन्न गंभीर धाराओं एवं अपराधों में लिप्त कुल 178 अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह प्रभावी हंटर चला।

इस महाभियान के अंतर्गत शहर में होने वाली चोरियों, कबाड़ की अवैध खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों पर अपनी निगरानी को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने 168 कबाड़ी दुकानों एवं डेरों की भी सघन जांच-पड़ताल की। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अपराधियों के मंसूबों को ढहने वाले ऐसे कड़े अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों के दिलों में कानून का खौफ और भय स्थायी रूप से बना रहे तथा आम जनता के भीतर सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story