कोटा शहर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर 17 अगस्त 2026 को महिला सुरक्षा संकल्प संवाद का आयोजन किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कोटा शहर पुलिस की ओर से ‘सुरक्षा संवाद 2.0’ जन-जागरूकता अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों महिलाओं से सीधा संवाद होगा।

कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन कोटा शहर पुलिस और ब्लू डॉट डॉयलॉग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम 17 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे से बोरखेड़ा स्थित कोरल पार्क के एलन सुहास सभागार में होगा।

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और आमजन एवं महिलाओं को संबोधित करेंगे। वहीं, महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की गरिमामयी मौजूदगी भी कार्यक्रम में रहेगी।

कार्यक्रम से पहले आधिकारिक पोस्टर का विमोचन माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने किया। इस अवसर पर कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने संदेश देते हुए कहा, “आइए, मिलकर एक मजबूत सुरक्षाबंधन बनाएं और इस बार सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण का संकल्प लें।” कोटा शहर पुलिस ने भी सभी नागरिकों और महिलाओं से इस खुले संवाद सत्र में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि कोटा को महिलाओं के लिए और अधिक सुरक्षित शहर बनाया जा सके।

आयोजन का मूल मंत्र “जागरूकता से सुरक्षा, संवाद से सशक्तिकरण” रखा गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं से सुरक्षा के मुद्दों पर खुला और पारदर्शी संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही कोटा शहर पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिए की गई विभिन्न पहलों और आपातकालीन सुविधाओं की जानकारी भी महिलाओं को दी जाएगी। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी और अधिकारों से अवगत कराने के साथ सशक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में संवाद को आगे बढ़ाया जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story