कोटा: आबकारी विभाग ने पकड़ा 60 लाख की अवैध शराब से भरा ट्रक, एक गिरफ्तार
नेशनल हाईवे-52 पर नाकाबंदी के दौरान चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई जा रही 'राजस्थानी व्हिस्की' के 1360 कार्टन बरामद किए गए।

कोटा के नेशनल हाईवे-52 पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग की टीम और पुलिस जाप्ता ट्रक के पास खड़े हुए। टीम ने टाट की बोरियों के नीचे छिपाए गए कुल 65,280 पव्वे बरामद किए।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोटा में नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई आबकारी विभाग की उस व्यापक मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश में अवैध मदिरा के नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोटा में रविवार रात्रि नेशनल हाईवे-52 नया टोल प्लाजा गोपालपुरा के पास की गई नाकाबंदी के दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में टाट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए कार्टन में फोर सेल इन चंडीगढ़ शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके से 1360 कार्टन में कुल 65,280 पव्वे जब्त किए गए। बरामद शराब का ब्रांड “राजस्थानी व्हिस्की” बताया गया है, जिसे अन्य राज्य से अवैध रूप से तस्करी कर लाया जा रहा था।
अतिरिक्त आयुक्त कोटा जोन नरेश कुमार मालव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत गश्त, नाकाबंदी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पूर्व भी हनुमानगढ़, उदयपुर और जोधपुर में ट्रकों से अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की जा चुकी है।
इस कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी बारां देवेन्द्र गिरी, जिला आबकारी अधिकारी कोटा विवेक शर्मा तथा सहायक आबकारी अधिकारी नारायण सिंह तोमर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। अभियान में आबकारी निरीक्षक चेतन, प्रदीप मीणा, पीओ प्रमोद सिंह, हंसराज मीणा, पृथ्वीराज सिंह मीणा सहित समस्त जाप्ता शामिल रहा।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने हाल ही में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा में कहा कि जिन जिलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, वहां अभियान जारी रखा जाएगा तथा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक के लिए जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रदेश में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध शराब तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे राजस्व क्षति को भी रोका जा सकेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
