कोटा में रात के अंधेरे और चंबल की दाईं मुख्य नहर के तेज बहाव के बीच एक हेड कांस्टेबल ने अपनी जान जोखिम में डालकर डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। थेगड़ा शिव मंदिर के पास किए गए इस साहसिक रेस्क्यू में हेड कांस्टेबल राजाराम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक की जान बचाई। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 13 नवम्बर 2026 को कमलजीत सिंह बरार ने थाना बोरखेड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिजन राजा सिंह बरार (36) पुत्र अवतार सिंह, निवासी प्रोफेसर कॉलोनी, बोरखेड़ा, कोटा सुबह करीब 9 बजे काले रंग की मारुति अर्टिगा कार से गुमानपुरा जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे के बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा।

सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल युवक की तलाश शुरू कर दी। कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी थानों को सूचना देकर उसकी सघन तलाश करवाई गई।

इसी बीच 14 नवम्बर की रात करीब 12:25 बजे कमलजीत सिंह बरार ने पुलिस को सूचना दी कि राजा सिंह बरार स्टील ब्रिज के पास चंबल की दाईं मुख्य नहर में गिर गए हैं और डूब रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बोरखेड़ा की चेतक पर तैनात प्रभारी हेड कांस्टेबल राजाराम (नंबर 86) मौके के लिए रवाना हुए। उस समय उनकी लोकेशन स्टील ब्रिज के पास ही थी, जिसके चलते वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

मौके पर राजा सिंह नहर के तेज बहाव में बहते दिखाई दिए। रात का अंधेरा और पानी का अत्यधिक तेज बहाव बचाव अभियान में बड़ी चुनौती बन रहे थे। इसके बावजूद हेड कांस्टेबल राजाराम ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को नियंत्रित किया और थेगड़ा शिव मंदिर के पास नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद पुलिस ने परिजनों की सहायता से राजा सिंह बरार को तत्काल उपचार के लिए सुधा हॉस्पिटल भिजवाया।

हेड कांस्टेबल राजाराम ने जिस तत्परता से मौके पर पहुंचकर तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगाई और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला, उससे उसकी जान बच सकी। उनके इस साहसिक और सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। यह कार्रवाई कोटा शहर पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और आमजन की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Next Story